कांगड़ा: पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम नूरपुर ने हरड़ पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान अश्वनी कुमार निवासी गांव व डाकघर-भाली, तहसील व थाना-जवाली, जिला-कांगड़ा तथा सुनील राणा उर्फ ईशु निवासी गांव व डाकघर-सहवां, तहसील व थाना-शाहपुर, जिला-कांगड़ा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि यह कामयाबी गुप्त सूचना के आधार पर उस समय मिली जब सीआईए टीम हरड़ पुल के पास तैनात थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार की स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। कार की चालक सीट के नीचे छुपाकर रखा गया एक काला प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। जब उसे खोलकर जांचा गया, तो उसमें से कुल 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस टीम ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को तुरंत कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की संबंधित धाराओं 20 व 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा इस अवैध नेटवर्क के मुख्य स्रोतों और अन्य कड़ियों को खंगालने के लिए मामले की आगामी तफ्तीश गहनता से अमल में लाई जा रही है।
एसपी नूरपुर ने बताया कि नूरपुर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि समाज से नशे की कुप्रथा को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस का सहयोग करें। यदि आपको अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध नशे की जानकारी मिलती है, तो बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस को सूचित करें।