रिकांग पिओ: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत), किन्नौर द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जिला किन्नौर की नवगठित तथा पुनर्गठन/विभाजन से प्रभावित ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है। यह समस्त प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक पूर्ण की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कचरंग, रामणी, शिगर्चा, टापरी (जनकपुरी), शांगो, ब्रेलिंगी तथा थान पंगी नवगठित ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियां, जबकि कटगांव, चगांव, नाथपा, रूपी, जानी, दूनी एवं पंगी जैसी पुनर्गठित ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियां विधिवत अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियमों के तहत इन अंतिम मतदाता सूचियों की प्रतियां संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों, पंचायत समितियों तथा जिला परिषद कार्यालय में आम जनता के अवलोकन हेतु उपलब्ध करवा दी गई हैं। इसके साथ ही निर्धारित प्रपत्र-15 भी निरीक्षण के लिए रखा गया है।
डॉ. शर्मा ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता सूचियों का अवलोकन करें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।