चुनावों में कांग्रेस पार्टी से जुड़ी युवा पीढ़ी को किया जाएगा प्रोत्साहित – विनय कुमार
चुनावों में कांग्रेस पार्टी से जुड़ी युवा पीढ़ी को किया जाएगा प्रोत्साहित – विनय कुमार
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं व नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े लोगों को आगे आने का पूरा मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी से जुड़ी युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारियों से कर्मठ कार्यकर्ताओं को आगे लाने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों पर किये गए मंथन की जानकारी देते हुए विनय कुमार ने कहा कि सभी पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती के लिये बहुमूल्य सुझाव दिए हैं । संगठन इन सुझावों पर गंभीरता से कार्य विचार करेगा। विनय कुमार ने कहा कि बैठक में महाविद्यालय व विश्वविद्यालयों में फिर से छात्र संगठनों,एससीए के चुनावों का सुझाव भी आया है। इसको लेकर भी प्रदेश सरकार के साथ मंथन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के छात्र संगठन है और लोकतंत्र की मजबूती के लिये अगर इन चुनावों को फिर से बहाल किया जाता है तो इससे छात्रों में राजनीति के प्रति रुझान बढ़ेगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को भली भांति से जान सकेंगे। विनय कुमार ने कहा कि बैठक में संगठन से जुड़े अनेक मसलों पर चर्चा की गई। कांग्रेस एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत का पालन कर रही है और इसी तहत संगठन में ओर भी नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नीतिगत फैसला लिया है कि सभी पदाधिकारियों, जिन्हें कोई महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाती है हर तीन माह , 90 दिनों में उनके कार्यो की समीक्षा की जाएगी। इसकी देख रेख के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक कनेक्टिंग कक्ष की स्थापना की गई है। पार्टी में अनुशासन पर जोर देते हुए बैठक में किसी को भी पार्टी लाईन से बाहर हट कर किसी भी बयानबाजी के लिये प्रतिबंधित किया गया है। विनय कुमार ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में संगठन बड़ा होता है और संगठन के दिशानिर्देश का अक्षरसः पालन होना जरूरी है।