ताज़ा समाचार

शिमला: संत निरंकारी सत्संग भवन बैम्लोई में रक्तदान शिविर आयोजित

107 रक्तदाताओं ने स्वैच्छा से किया रक्तदान

शिमला: सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में संत निरंकारी सत्संग भवन बेमलोई, शिमला में रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्रातः 10:00 बजे से सांय 4:00 बजे तक रक्तदाता जिनमें निरंकारी भक्त एवं स्थानीय नागरिक सम्मिलित थे बढ़ चढ़कर रक्तदान की निःस्वार्थ सेवा में योगदान दिया। लोक कल्याणार्थ आयोजित इस रक्तदान शिविर में आई.जी.एम.सी. शिमला अस्पताल, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, जोनल अस्पताल और कमला नेहरू अस्पताल के ब्लड बैंक विभाग से सम्मिलित डॉक्टर एवं उनकी योग्य टीम ने लगभग 107 यूनिट रक्त संकलित किया।

इस रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि रूप में शाहबाद मारकंडा के जोनल इंचार्ज एवं ज्ञान प्रचारक महात्मा आदरणीय श्री सुरिन्दर पाल सिंह की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने रक्तदान की इस महान सेवा भावना की सराहना की।इस अवसर पर शिमला जोन के जोनल इंचार्ज आदरणीय कैप्टन एन.पी.एस. भुल्लर ने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद प्रकट किया। साथ ही इस आयोजन को सफल बनाने में दिये गये सकारात्मक योगदान हेतु सभी का आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि सतगुरु बाबा हरदेव सिंह ने “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” का अमर संदेश देकर रक्तदान को मिशन की आध्यात्मिक सेवा का अभिन्न अंग बना दिया। यह संदेश आज भी प्रत्येक निरंकारी भक्तों के हृदय में सेवा और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल बनकर जीवंत है।

यह महाअभियान केवल रक्तदान नहीं, बल्कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की दिव्य सिखलाईयों करुणा, सेवा और एकत्व जैसे मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने का सजीव माध्यम है जो हमें यह सिखाता है कि मानवता ही सर्वोच्च धर्म है। इसी प्रेरणा से प्रेरित संत निरंकारी मिशन, सेवा और समर्पण के पथ पर निरंतर मानवता का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। मानवता के प्रति यह सेवा भावना निरंतर जारी है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed