हमीरपुर : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान 29 मार्च से; डीसी गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों के साथ बैठक करके की तैयारियों की समीक्षा

पहले चरण में जिला हमीरपुर की 4338 लड़कियों को लगाए जाएंगे टीके

हमीरपुर : सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए जिला हमीरपुर में भी एचपीवी टीकाकरण अभियान आरंभ किया जाएगा, जिसके पहले चरण में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का एक-एक टीका लगाया जाएगा। इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण के दौरान जिला हमीरपुर में लगभग 4338 लड़कियों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ये टीके 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक लगाए जाएंगे। छूटी लड़कियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि इस आयु वर्ग की लड़कियां टीकाकरण के दिन अपने अभिभावकों को साथ लाएं और घर से खाना खाकर ही टीका लगवाने आएं। उनके पास आधार कार्ड या पहचान का अन्य प्रमाण तथा ओटीपी के लिए मोबाइल फोन भी होना चाहिए।

उपायुक्त ने बताया कि अन्य आम वैक्सीनों की तरह ही इस टीके को लगाने के बाद कुछ लड़कियांे को थोड़ी देर के लिए मामूली दिक्कत होगी तो उसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही तैयारी रखी है तथा टीका लगाने के बाद प्रत्येक लड़की को कुछ मिनटों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में रोका जा सकता है।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्वाइकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं को इस कैंसर से बचाया जा सकता है।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 29 मार्च से आरंभ होने जा रहे टीकाकरण अभियान के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी इस अभियान में सक्रिय योगदान देने के निर्देश दिए, ताकि सभी लड़कियों को ये टीके लगाए जा सकें।

बैठक में सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed