बिलासपुर: नलवाड़ी मेला–2026 : वॉइस ऑफ बिलासपुर प्रतियोगिता के लिए टॉप 15 प्रतिभागियों का चयन

बिलासपुर: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला–2026 के अंतर्गत आयोजित की जा रही “वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता के लिए 28 फरवरी को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन, बिलासपुर शहर में ऑडिशन आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने सुरों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर मेला कमेटी द्वारा टॉप 15 प्रतिभागियों का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों में 9 लड़के और 6 लड़कियां शामिल हैं।

चयनित प्रतिभागियों में रजत, अंकितेश, आशुतोष, दिनेश, मुस्कान, वंदना, सौरभ, अनन्या, लता, विशाल, नरेश, अनु, दीक्षांत, सुमित और आंचल के नाम शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों ने ऑडिशन के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।

यह जानकारी अध्यक्ष मेला कमेटी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों के लिए मेला कमेटी की ओर से 7 और 10 मार्च 2026 को विशेष ग्रूमिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रतिभागियों को गायन के क्षेत्र के प्रसिद्ध विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। ग्रूमिंग के अंतिम दिन टॉप 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित टॉप 10 प्रतिभागी 20 और 21 मार्च को आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान “वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता में मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे।

प्रतियोगिता में विजेता को मेला कमेटी की ओर से एक लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपए तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपए प्रदान किए जाएंगे।

ऑडिशन प्रक्रिया के दौरान बिलासपुर के प्रसिद्ध गायक गौरव गोंडल, संगीत के प्रोफेसर मनोहर शर्मा तथा जुखाला कॉलेज के संगीत प्रोफेसर डॉ. के.एस. ठाकुर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

नलवाड़ी मेला–2026 के अंतर्गत यह प्रतियोगिता स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जिले के उभरते गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed