भाजपा नेता प्रदेश में अनाप शनाप बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे – विनय कुमार
भाजपा नेता प्रदेश में अनाप शनाप बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे – विनय कुमार
शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कड़े शब्दों में कहा है कि अगर उन्हें आरडीजी, राजस्व घाटा अनुदान बहाल करने पर प्रदेश सरकार को कोई सहयोग नही देना है तो कम से कम प्रदेश में किसी भी झूठ व भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश न करें। प्रदेश में किसी भी प्रकार की वित्तीय आपातकाल जैसी कोई स्थिति नहीं है। विनय कुमार ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की आज उस प्रेस वार्ता पर कड़ा एतराज जताया है जिसमें उन्होंने प्रदेश में वित्तीय आपातकाल की ओर बढ़ने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि राजस्व घाटा अनुदान,आरडीजी प्रदेश का संवैधानिक अधिकार है और इसकी बहाली के लिये हरसंभव प्रयास किये जा रहें है।प्रदेश के विकास कार्यो को गति देने के लिये आरडीजी का जारी रहना बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर दोहरी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता प्रदेश में अनाप शनाप बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नई दिल्ली में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों के साथ मिल कर प्रदेश के अधिकारों को प्रमुखता से उठाते हुए आरडीजी की बहाली और आपदा राहत की घोषित 1500 करोड़ की राशि जारी करने का आग्रह करेगी।