हिमाचल: प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही 18 मार्च तक स्थगित
हिमाचल: प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही 18 मार्च तक स्थगित
शिमला: 14वीं विधान सभा के ग्यारहवें सत्र के प्रथम चरण के समापन उपरान्त आज मीडिया को सम्बोधित करते हुए हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि चौदहवीं विधान सभा के ग्यारहवें सत्र का प्रथम चरण अपेक्षा अनुरूप सफल रहा। यह सत्र 16 फरवरी को आरम्भ हुआ तथा 18 फरवरी, 2026 तक चला। उन्होंने कहा कि आज सदन की कार्यवाही 18 मार्च, 2026 पूर्वाह्न 11 बजे तक स्थगित की गई है तथा 18 मार्च पूर्वाह्न 11 बजे बजट सत्र का दूसरा चरण पुन: आरम्भ होगा। इस सत्र के प्रथम चरण में 3 बैठकों का आयोजन किया गया जिसकी कार्यवाही लगभग 18 घण्टे 24 मिनट तक चली। इस तरह सत्र की उत्पादकता 124 प्रतिशत रही।
पठानिया ने कहा कि राज्यपाल महोदय के अभिभाषण के उपरान्त सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्व0 भगत राम चौहान के प्रति शोकोदगार प्रकट कर समूचे सदन द्वारा श्रद्वांजली अर्पित की गई। इस सत्र के प्रथम चरण में 34 (24 तारांकित तथा 10 अतारांकित) प्रश्नों की सूचनाओं पर सरकार द्वारा उत्तर उपलब्ध करवाए गए। शून्य काल के दौरान सदस्यों द्वारा सदन में 10 विषय उठाए गए जिनके सम्बन्घित मंत्रियों द्वार उत्तर दिए गए।
उन्होंने कहा कि इस सत्र के दौरान सरकार द्वारा नियम 102 के तहत लाए गए सरकारी संकल्प “प्रदेश को संविधान के अनुच्छेद 275 और 280 के तहत राजस्व सहायता अनुदान की राशि 5वें से 15वें वित्तायोग तक प्राप्त हो रही थी जो कि 16वें वित्तायोग की सिफारिशों के अनुरूप केन्द्र सरकार द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष से बन्द की गई है जिससे प्रदेश में आर्थिक संकट के हालात पैदा हुए हैं। इसके दृष्टिगत यह सदन केन्द्र सरकार से पुरजोर सिफारिश करता है कि पूर्व में दी जा रही राजस्व सहायता अनुदान राशि प्रदेश की आर्थिक स्थिती के मध्यनजर राजस्व घाटे के अनुरूप प्रदान की जाए” पर विस्तृत चर्चा की जिस पर सदस्यों ने बहुमुल्य सुझाव दिए तथा इसे पारित किया गया । दो विधेयकों को राज्यपाल महोदय द्वारा पुन: विचार हेतु विभागों को लौटाया गया था उन्हें भी सदन द्वारा पुन: विचारोपरान्त पुन: पारित किया गया।
पठानिया ने प्रैस वार्ता के दौरान सत्र के प्रथम चरण में सहयोग के लिए विशेषक मुख्यमंत्री हि0प्र0 ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू , नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा पक्ष तथा विपक्ष के सभी माननीय सदस्यों का धन्यवाद किया।