शिमला: उपायुक्त अनुपम कश्यप आज राजकीय उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला मतियाना में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। करीब 1 बजे उपायुक्त स्कूल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर फीडबैक ली।
बच्चों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा मुक्त हिमाचल के लिए संकल्प के साथ कार्य कर रही है। स्कूलों कॉलेजों अन्य हितधारकों को नशे के खिलाफ इस आंदोलन में जोड़ा जा रहा है। स्कूली बच्चों को नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना मिलती है तो अपने शिक्षक के पास सूचना दें। वहीं शिक्षक तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि सही समय पर कार्रवाई अमल में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि आज नशे के चपेट में नशा तस्कर बच्चों को शिकार बना रहे है। उन्होंने कहा कि बच्चे नशे को लेकर किसी के भी लालच में ना आए। नशे के आदी हो चुके बच्चों और युवाओं को इस जाल से बाहर निकलने के लिए कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नशे की ओवरडोज से आए दिन युवाओं की मौत भी हो रही है। बच्चों को खेलों और शिक्षा पर ध्यान फोकस करना चाहिए। इसके साथ ही अपना करियर तय करते हुए हर दिन उसी दिशा में मेहनत करनी चाहिए। हमारी किताबों में वहीं विषय सिलेबस में है जिससे सर्वांगीण विकास और ज्ञान अर्जित हो सके। उन्होंने बच्चों को नशे के खिलाफ शपथ दिलवाई। इससे पूर्व उपायुक्त ने स्कूल स्टाफ का उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया। इसके साथ छुट्टी पर गए शिक्षकों की लिखित छुट्टी को भी चेक किया। इस दौरान सब सही पाया गया।
नारकंडा पुलिस चौकी का किया निरीक्षण
उपायुक्त ने नारकंडा पुलिस चौकी का निरीक्षण भी किया। चौकी के पिछले हिस्से में लगे डंगे के गिरने से भवन को खतरा पैदा हो गया है। इस बारे में पुलिस की ओर से प्रस्ताव आया हुआ है। इस बारे में जल्द ही सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।