मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने नायक सुशील कुमार के निधन पर किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने नायक सुशील कुमार के निधन पर किया शोक व्यक्त
हमीरपुर : हमीरपुर जिले के पन्याला गांव के सपूत व भारतीय सेना के जवान नायक सुशील कुमार का बुधवार को उनके पैतृक श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार को जैसे ही सेना की टुकड़ी शहीद जवान के पार्थिव शरीर को लेकर उनके गांव पन्याला पहुंची, तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। शहीद की पत्नी, बच्चों और अन्य संबंधियों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिन्हें वहां मौजूद लोग ढांढस बंधाते रहे।
इसके बाद पार्थिव शरीर को पैतृक मोक्षधाम ले जाया गया, जहां सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। बेटे लक्ष्य व भाई तिलक कुमार ने सुशील को अंतिम विदाई दी। बता दें कि लगभग 40 वर्षीय नायक सुशील कुमार 13 डोगरा रेजिमेंट में सेवारत थे और इन दिनों फैजाबाद में तैनात थे। सोमवार को ड्यूटी के दौरान अचानक चक्कर आने से वे गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। सुशील कुमार अपने जिंदादिल और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी ज्योति, बेटे लक्ष्य और बेटी बिबु को छोड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने नायक सुशील कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 13वीं डोगरा रेजिमेंट में फैजाबाद में तैनात 40 वर्षीय नायक सुशील कुमार के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुशील कुमार जिला हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के पन्याला गांव के निवासी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है और शोक संतप्त परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि नायक सुशील कुमार मातृ भूमि की रक्षा के लिए आजीवन समर्पित रहे व देश के लिए उनकी सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।