प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ किया राहत एवं बचाव कार्य, फौरी राहत जारी
निरमंड: उपमंडल निरमंड के शमारनी गांव में आज प्रातः करीब 2 बजे एक भीषण भूस्खलन की घटना में 5 लोगों की मृत्यु हो गई। गांव के पीछे पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण दो भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके मलबे में 8 लोग दब गए। घटना के बाद 3 लोगों को स्थानीय लोगों ने मलबे से निकालने में मदद की। वहीं 5 लोग मलबे में पूरी तरह दब गए। स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
हादसे में ब्रेस्ती देवी पत्नी शिव राम, आयु 50 वर्ष, चुनी लाल पुत्र शिव राम,आयु 32 वर्ष , अंजू देवी पत्नी चुनी लाल आयु 25 वर्ष , भूपेश पुत्र चुनी लाल, आयु 5 वर्ष एवं कुमारी जागृति, पुत्री चुनी लाल, आयु 8 वर्ष की मृत्यु हो गई। वहीं शिव राम पुत्र स्व. केसी राम आयु 52 वर्ष, धर्म दास पुत्र स्व. केसी राम आयु 48 वर्ष एवं कला देवी पत्नी धर्म दास आयु 45 वर्ष घायल हो गए।
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस, एनडीआरएफ, और अन्य विभागों की टीमें तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। सुबह करीब 8 बजे तक एक शव बरामद किया गया। इसके बाद, स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रशासन ने चार अन्य शवों को बरामद किया। एनडीआरएफ की टीम ने दोपहर तक पांचवें शव को मलबे से निकालने में कामयाबी हासिल की।
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के अन्य भवनों को एहतियातन खाली करवा दिया और वहां रहने वाले लोगों के लिए उचित खाने और रहने की व्यवस्था की है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए फौरी राहत राशि जारी की है। मृतकों के परिजनों को 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति, घायलों को 5,000 रुपये प्रति व्यक्ति, क्षतिग्रस्त भवनों के लिए 10,000 रुपये प्रति भवन राशि जारी की गई है। कुल मिलाकर 1.60 लाख रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, उपमंडल स्तर के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, एनडीआरएफ की टीमें, और पुलिस टीमें राहत कार्य में लगातार तैनात रहीं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने शमार्नी गांव में हुई जनहानि पर किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार की रात को कुल्लू ज़िला की निरमंड तहसील के घाटू ग्राम पंचायत के शमार्नी गांव में बादल फटने से हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस घटना में पांच लोगों की मृत्यु हो गई है और तीन अन्य घायल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना भी की।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।