ताज़ा समाचार

हिमाचल: प्रदेश में मौसम के खराब होने के आसार

हिमाचल: प्रदेश में बारिश का कहर जारी…भूस्खलन से पांच की माैत

हिमाचल: प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश की वजह से जुन्गा तहसील में पटवार सर्कल डबलू के उप मोहाल जोत में एक घर भूस्खलन की चपेट में आ गया। हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई है।  मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (35), पुत्र जय सिंह निवासी पटवार सर्कल डबलू के उप मोहाल जोत के रूप में हुई है। हादसे में उसकी 10 वर्षीय बेटी की भी मौत हो गई है। इसके साथ ही मवेशियों की भी मौत हो गई।  घटना में मृतक की पत्नी बाल-बाल बच गई, क्योंकि वह उस समय घर के बाहर थीं। मामले की सूचना मिलते ही अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश और अवरुद्ध सड़कों के कारण बचाव अभियान जारी है।

उधर, कोटखाई में भारी बारिश की वजह से सुबह खनेटी के चोल गांव में एक मकान भूस्खलन के कारण ढह गया। भूस्खलन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला कलावती पत्नी बालम सिंह की मलबे में दबने से मौत हो गई।

  वहीं जुब्बल के भौली गांव में आशा देवी पत्नी स्वर्गीय अमर सिंह का मकान भूस्खलन से ढह गया। मलबे में दबने से एक युवती की मौत हो गई। प्रभावित परिवार को 30  हजार की फौरी राहत प्रदान की गई है। तहसीलदार जुब्बल और हलका पटवारी मौके पर मौजूद हैं, प्रभावित परिवार को निकटवर्ती सामुदायिक केंद्र में स्थानांतरित किया गया है।

वहीं जिला सिरमौर में मूसलाधार बारिश के बीच आधी रात एक महिला की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला के घर पर पहाड़ी गिरने से ये दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में एक गाय समेत 4 मवेशियों की भी खबर है।

जानकारी के अनुसार रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की नौहराधार तहसील के चौरास गांव में रात को भूस्खलन की चपेट में आने से एक कच्चे मकान के साथ गौशाला भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस आपदा में शीला देवी (37) पत्नी मोहन लाल निवासी चौरास की दर्दनाक मौत हो गई। प्रशासन के अनुसार जिस समय पहाड़ी से भूस्खलन हुआ उस दौरान मकान में महिला के साथ उसका पति और एक बच्चा भी था, लेकिन महिला का पति बच्चे को लेकर बाहर निकल गया और महिला भी घर से बाहर निकल ही रही थी कि तब तक भूस्खलन की चपेट में आ गई

मुख्यमंत्री ने भारी बारिश से हुई जनहानि पर किया शोक व्यक्त 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में पिछले 24 घण्टे से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शिमला जिला के जुन्गा क्षेत्र के डुबलू गांव में दो लोगों, कोटखाई के छोल में एक तथा जुब्बल की बधाल पंचायत के बाऊली गांव में एक व्यक्ति तथा सिरमौर जिला के रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की नौहरा धार तहसील के चौरास गांव में एक महिला की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम में विशेष सतर्कता बरतने तथा नदी-नालों और संवेदनशील ढलानों के निकट न जाने की अपील की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed