बारिश से जिला में अब तक करीब 70 करोड़ का नुकसान, ग्रामीण संपर्क मार्ग बहाल – डीसी बिलासपुर

बिलासपुर: जिला बिलासपुर में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत कार्यों को प्राथमिकता पर अंजाम दिया जा रहा है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते कुछ दिनों में वर्षा के कारण जो ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हुई थीं, उन्हें अब पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है और आवागमन सामान्य हो गया है।

उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग के अंतर्गत आने वाली अधिकांश पेयजल योजनाएं भी पुनः संचालित कर दी गई हैं। हालांकि, घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की कुछ योजनाएं अस्थायी रूप से बाधित हैं, जिन्हें जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि आज दोपहर 2 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला को कुल मिलाकर लगभग 70 करोड़ रूपए का नुकसान आंका गया है। इनमें सर्वाधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है, जिसका अनुमानित मूल्य 50 करोड़ रूपए है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग को 17 करोड़ 79 लाख रूपए, बिजली बोर्ड को 4 लाख 22 हजार रूपए, शिक्षा विभाग को 57 लाख 80 हजार रूपए तथा स्वास्थ्य विभाग को 13 लाख रूपए का नुकसान पहुंचा है। नगर परिषदों और नगर पंचायतों को भी करीब 953 लाख 50 हजार रूपए की क्षति का अनुमान है।

बारिश के चलते कच्चे मकानों, गौशालाओं, रसोईघरों, शौचालयों तथा अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचने के 109 मामले अब तक दर्ज किए गए हैं, जिनकी अनुमानित लागत 52 लाख 66 हजार रूपए है। इसी अवधि में 8 पशुओं की मृत्यु भी दर्ज की गई है।

मानसून के इस दौर में जिले में अब तक कुल 8 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें तीन की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में, दो की सर्पदंश से, एक की बिजली गिरने से, एक महिला की बहाव में बहने से तथा एक व्यक्ति की मृत्यु पेड़ गिरने से हुई है।

उपायुक्त ने जिले के लोगों से अपील की है कि अत्यधिक बारिश की स्थिति में सतर्कता बरतें, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा नदी-नालों के पास जाने से परहेज करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर आपात स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार त्वरित राहत प्रदान की जा रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed