एसडीएम अमर नेगी ने किया गेहूं खरीद केंद्र का शुभारंभ
सुंदरनगर: आत्मा परियोजना के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं की खरीद सुंदरनगर खरीद केंद्र में शुरू हो गई। खरीद केन्द्र के शुभारम्भ अवसर पर एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने रिबन काटकर खरीद केन्द्र का शुभारंभ किया।
एसडीएम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र पर विशेष बल दे रही है। प्रदेश के किसानों की आर्थिकी में सुधार और उन्हें उनकी उपज का सही दाम मिले इसके लिए प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्की, कच्ची हल्दी और जौ फसलों पर देश में सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों की खरीद की सरकार की बहुत अच्छी पहल है। आने वाले समय में न केवल यह पहल रहेगी बल्कि हम सब के लिए जरूरत बन जाएगी। जितनी जल्दी हम प्राकृतिक खेती को अपनाएंगे, वह हम सबके लिए फायदेमंद होगा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के बहुत सारे फायदे हैं। रसायन रहित अनाज खाने से स्वास्थ्य में सुधार होगा तथा शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभप्रद है। प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं अब आम जनता को भी उपलब्ध हो पाएगा और प्राकृतिक खेती से जुड़े किसान असली बधाई के पात्र है।
उन्होंने उपस्थित किसानों से आग्रह किया कि प्राकृतिक खेती से जुड़े रहे और आसपास के लोगों को भी प्राकृतिक खेती से जोड़ें। शुरुआत में उपज और आमदनी भी कम हो सकती है तो आप सब्र बनाए रखें।
निदेशक आत्मा परियोजना जिला मंडी डॉ राकेश पठानिया ने बताया कि जिला मंडी में 6 कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं जिनमें सदर मंडी, सुंदरनगर, सरकाघाट, धर्मपुर, पधर और जोगिंदर नगर क्षेत्र खरीद केंद्र के लिए चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुंदरनगर कलेक्शन सेंटर के अंतर्गत सुंदरनगर, बल्ह और धनोटू ब्लॉक के किसान गेहूं दे सकते हैं। खरीद के पहले दिन जिला मंडी के 88 किसानों ने 183.56 क्विंटल गेहूं दिया। सुंदरनगर कलेक्शन केंद्र में 34 किसानों ने 104.25, जोगिंदरनगर के 35 किसानों ने 41. 56, सदर में 5 किसानों ने 7.75, सरकाघाट में 14 किसानों ने 30 क्विंटल गेहूं दिया।
इस अवसर पर उप-परियोजना निदेशक डॉ हितेंद्र जमवाल, डॉ संजय ठाकुर, खंड तकनीकी प्रबंधक लेखराज एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक उपस्थित रहे।