धर्मशाला: भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ बुधवार को सिद्धबाड़ी जोरावर मैदान में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में नेता प्रतिपक्ष सहित भाजपा विधायक पहुंचे हैं। जन आक्रोश रैली में भाजपा ने प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में लिए गए निर्णयों पर निशाना साधा। रैली में बीजेपी कार्यकर्ता गोबर की टोकरियां व दूध लेकर पहुंचे। बीजेपी वक्ताओं ने सरकार की नीतियों की जम कर आलोचना की। वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार के दो साल के कार्यकाल के जश्न को लेकर जमकर निशाना साधा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के इस दो साल के कार्यकाल में पूरे हिमाचल में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। इस सरकार ने भाजपा के कार्यकाल में खोले गए सारे कार्यालयों को बंद कर दिया और अब सरकार इसका जश्न मना रही है। सरकार के पास कर्मचारियों और पैंशनरों को देने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन सरकार ने जश्न मनाने के लिए 25 करोड़ बिलासपुर के लुहणु मैदान में खर्च कर दिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि काम के नाम पर कोई चीज होती तो जिक्र करो, लुहणू के मैदान में यह सब इकट्ठा हुए तो सिर्फ भाजपा के कौसने के लिए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज स्थिति ऐसी हो गई है कि विधानसभा के अंदर भी भ्रष्टाचार पर चर्चा हो रही है और विधानसभा के बाहर भी भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। यह कांग्रेस की सुक्खू सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धि है।कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से किए वायदों में से एक भी पूरा नहीं किया। प्रदेशवासी आज कांग्रेस सरकार से गारंटियों का हिसाब मांग रहे हैं लेकिन यह सरकार जवाब देने से भाग रही है।
रैली के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव करने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और प्रदर्शनकारियों को जोरावर स्टेडियम के बाहर ही रोक दिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।