बिलासपुर: गोबिंद सागर झील में मछली पकड़ने गए मछुआरे की डूबने से मौत

बिलासपुर : बिलासपुर जिले में तलाई के मलराओं में झील में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने गए मछुआरे की डूब कर मौत हो गई। मछुआरा अपनी नाव से झील में जाल लगा रहा था। इसी दौरान उसका पांव फिसला और झील में गिर गया। जानकारी के अनुसार सुंदर सिंह (60) गांव गाह, डाकघर मलराओं, तहसील झंडूता जिला बिलासपुर शुक्रवार शाम को अकेला गोबिंद सागर झील में जाल लगाने चला गया। जाल लगाते हुए अचानक पांव फिसला और झील में गिर गया। कुछ देर बाद वहां एक अन्य मछुआरा नाव लेकर पहुंचा। उसने देखा की दूसरी नाव पर कोई नहीं है। उसे सुंदर सिंह के डूबने का अंदेशा हुआ। सूचना परिजनों और अन्य लोगों को दी। साथ ही लोगों की सहायता से झील में खोज अभियान भी शुरू कर दिया। कुछ देर बाद सुंदर सिंह का शव झील में मिल गया। मृतक का भाई का और बेटे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूचना तलाई थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का निरीक्षण करने पर मृतक के माथे पर मामूली चोट भी पाई गई। मृतक के भाई महेंद्र सिंह और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए है। बताया जा रहा कि सुंदर सिंह को तैरना नहीं आता था। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को घुमारवीं अस्पताल में कराया गया। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed