भाजपा के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल प्रदेश का पैसा रुकवाने के करते हैं प्रयास – मुकेश अग्निहोत्री
भाजपा के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल प्रदेश का पैसा रुकवाने के करते हैं प्रयास – मुकेश अग्निहोत्री
हिमाचल: प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आज बिलासपुर के लुहणू मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा द्वारा सरकार गिराने की कोशिशें निरंतर की जाती रहीं। भाजपा के नेता सिर्फ यही कहते रहे कि सरकार गिर रही है, लेकिन हम जानते हैं कि जय राम ठाकुर और भाजपा के नेता में दम नहीं है। उन्होंने कहा कि हम 40 थे और 40 हैं। भाजपा सरकार गिराने के सपने देखना बंद करे क्योंकि अब भाजपा की हिमाचल प्रदेश में कभी भी सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद प्राप्त है। प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के प्रयासों से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भाजपा के विरोध के बावजूद भारी जनसमर्थन से संसद पहुंचे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा पहले सरकार गिराने का प्रयास करती रही और अब सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल चलेगी। उन्होंने कहा कि एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है और इससे ईमानदार मंत्रिमंडल नहीं हो सकता है। भाजपा के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल प्रदेश का पैसा रुकवाने के प्रयास करते हैं। उन्होंने जय राम ठाकुर से सवाल किया कि वह बताएं कि किस सरकारी कर्मचारी को वेतन और किस को पेंशन नहीं मिली। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी में अगर किसी को वेतन नहीं मिला है तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं और यदि जय राम ठाकुर झूठ बोल रहे हैं तो वह इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के साथ बेहतर संबंध चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिमला में 2000 करोड़ रुपये का रोपवे बनाने जा रही है, जो देश का सबसे बड़ा रोपवे होगा। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण कर दिया जाएगा।