काजा में कंगना और जयराम ठाकुर के काफिले पर पथराव; भाजपा ने कांग्रेस के काजा प्रकरण पर चुनाव आयोग को की शिकायत
काजा में कंगना और जयराम ठाकुर के काफिले पर पथराव; भाजपा ने कांग्रेस के काजा प्रकरण पर चुनाव आयोग को की शिकायत
शिमला :- मण्डी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के काफिले पर लाहौल स्पीति विधानसभा के काजा में पथराव हुआ है। इस घटना में एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंगना गो बैक के नारे लगाए। जयराम ठाकुर और कंगना लाहौल स्पीति विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रवि ठाकुर के साथ सोमवार सुबह प्रचार के लिए काजा पहुंचे थे। जैसे की दोनों हेलीकाप्टर में पहुंचे वहां युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरु कर दी। कंगना गो बैक के नारे लगाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया तो पथराव कर दिया। इससे वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। कंगना रनौत पहली बार काजा प्रचार करने पहुंची थी। अपने करीब 55 दिन के प्रचार अभियान में वह लाहौल स्पीति नहीं गई हैं। कंगना ने कुछ वर्ष पहले तिब्बती धर्म गुरु दलाईलामा का एक मीम एक्स पर शेयर किया था। इसको लेकर विवाद भी हुआ था। बाद में कंगना ने माफी मांग ली थी। पिछले माह ही कंगना मैक्लोडगंज जाकर दलाईलामा से मिली थी और मीम पर अपनी स्थिति स्पष्ट की थी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एंव पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज की अगुवाई में चुनाव आयोग को काज़ा प्रकरण पर शिकायत दर्ज की गई, इस शिकायत में भाजपा ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन व हिमाचल प्रदेश चुनाव आयोग प्रदेश सरकार के दवाब में आकर काम कर रहा हैं। भाजपा ने मांग की कि इस प्रकरण में शामिल कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाई की जाए व इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग भी चुनाव आयोग से की है। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक सुशील राठौर, जिला मीडिया प्रवक्ता विवेक शर्मा, प्रदेश अधिवक्ता संयोजक अंशुल बंसल मौजूद रहे।