मण्डी संसदीय क्षेत्र को आदर्श सांसद क्षेत्र बनाना ही मेरा प्रमुख लक्ष्य – विक्रमादित्य सिंह

जयराम सरकार में भी फ्लॉप, कंगना के साथ भी फ्लॉप हो रहे हैं- सुखविंदर सिंह सुक्खू

शिमला/ मण्डी :  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश के चार लोकसभा व छह विधानसभा उप चुमाव छल कपट, बेईमानी व ईमानदारी के बीच का मुकाबला है और इसमें ईमानदारी की जीत होगी। उन्होंने कहा कि मण्डी लोकसभा क्षेत्र से पार्टी ने एक युवा, अनुभवी हीरो विक्रमादित्य सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि भाजपा ने यहां फिल्मी दुनिया से एक अदाकारा को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि यह अदाकारा एक महीने के लिए यहां आई है जो यहां विभिन्न क्षेत्रों में जाकर उनकी वेशभूषा पहन कर फिल्मी शूटिंग कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके डायरेक्टर जयराम ठाकुर है जो उनके लिये संवाद लिखते हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार में भी फ्लॉप रहे हैं और कंगना के साथ भी फ्लॉप हो रहे हैं। 

आज मण्डी के सेरी मंच में विक्रमादित्य सिंह के नामांकन दाखिल करने के अवसर पर भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में जयराम ठाकुर ने प्रदेश में रिवाज बदलने का नारा दिया था तो लोगों ने उन्हें ही बदल डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने भाजपा के सभी चोर दरवाजों को बंद कर प्रदेश की आर्थिकी को सुधारा है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अस्त व्यस्त कर जो लूट मचाई  उसका सारा कच्चा चिट्ठा सरकार ने प्रदेश के सामने रख दिया है। 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां कांग्रेस सरकार को विरासत में मिली। बाबजूद इसके उनकी सरकार ने  कर्मचारियों से किया अपना वादा ओल्ड पेंशन बहाल की और महिलाओं को 1500 रुपये की गारंटी भी। उन्होंने कहा कि भाजपा  कर्मचारी विरोधी  व महिला  विरोधी है । भाजपा केंद्र से प्रदेश सरकार के कर्मचारियों का 9 हजार करोड़ का अंशदान  रकवा रही है और महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान राशि को रोकने के भी प्रयास कर रही है।

सुक्खू ने कहा कि  कांग्रेस के छह दागी पूर्व विधायकों ने प्रदेश के लोगों के विश्वास को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने ऑपरेशन लॉट्स के तहत प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की जो कोशिश की उसमें तो वह सफल नही हुए पर उन्होंने छह विधायकों की विधानसभा सदस्यता छीन ली। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस चारों लोकसभा के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनाव जीत कर इतिहास रचेगी। उन्होंने लोगों से विक्रमादित्य सिंह को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

विक्रमादित्य सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं – मुकेश अग्निहोत्री

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनके पिता स्व.वीरभद्र सिंह ने तीन बार व उनकी माता प्रतिभा सिंह ने भी तीन बार ही सांसद के तौर पर प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि इस बार उनके पुत्र प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विक्रमादित्य सिंह तो दूसरी तरफ एक अभिनेत्री जो पहली बार राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रही है चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि आज उमड़ी भीड़ से साबित हो गया है कि विक्रमादित्य सिंह यह चुनाव जीत गए है।

मुकेश ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है। इन चुनावों के बाद और भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर भूल जाये कि वह प्रदेश की सत्ता में आने वाले है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद भी प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।

इससे पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य,सांसद एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि आज के जन सैलाब ने साबित कर दिया है कि विक्रमादित्य सिंह यह चुनाव जीत गए है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर घर घर जाकर विक्रमादित्य सिंह को वोट मांगने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें 1 जून मतदान तक आराम से नही बैठना है। विक्रमादित्य सिंह को रिकार्ड तोड़ वोट मिलने चाहिए।

यह चुनाव विक्रमादित्य सिंह नहीं मण्डी लोकसभा क्षेत्र के लोग चुनाव लड़ रहे हैं -प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने अपने सम्बोधन में उपस्थित जनसमूह का यहां आने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी आलाकमान ने इस बार उनकी जगह एक युवा व अनुभवी नेता को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विक्रमादित्य सिंह नहीं मण्डी लोकसभा क्षेत्र के लोग चुनाव लड़ रहे है और यह जीत उनकी नहीं मण्डी संसदीय क्षेत्र के लोगों की होगी। 

जनसभा को सम्बोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह नेता या अभिनेता नहीं है वह जनसेवक हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय उन्होंने इस क्षेत्र के आपदा प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा ने इस दौरान लोगों की कोई मदद की और न ही उनकी चुनाव लड़ रही प्रत्याशी। 

विक्रमादित्य सिंह ने यहां उपस्थिति सभी लोगों का उनके इस समर्थन के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र को आदर्श सांसद क्षेत्र बनाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है और इसी लक्ष्य को वह आगे रख कर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो प्यार सम्मान उन्हें व उनके परिवार को प्रदेश के लोगों से मिला है उसका ऋण वह कभी भी नहीं चुका सकते।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed