कांग्रेस के घोषणा पत्र पर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही भाजपा – संजय अवस्थी

शिमला: प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा है कि अब प्रदेश में भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल होने वाला नहीं। भाजपा अब कांग्रेस के किसी भी नेता व विधायक की खरीद फरोख्त नहीं कर पायेगी।उन्होंने कहा है कि भाजपा के प्रदेश की पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने व धनबल से लोकतंत्र को प्रभावित करने के सारे काले कारनामे का  जनता की अदालत में पर्दाफाश किया जाएगा।

अवस्थी ने आज यहां कहा कि कांग्रेस के छह विधायकों ने पार्टी को धोखा देकर  प्रदेश के लोगों के विश्वास को खो दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के लोग अब इन बागी व दागी विधायको को सदा के लिए घर बिठा देंगे। बागी अब कभी भी कोई भी चुनाव नहीं जीत पाएंगे क्योंकि इन्होंने लोगों के जनमत का अपमान किया है।

अवस्थी ने कहा है कि भाजपा कांग्रेस के घोषणा पत्र पर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच न्याय और 25 गारंटियां कांग्रेस का विजन है और देश कांग्रेस पर पूरा विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि दो चरणों के चुनाव परिणाम इंडिया गठबंधन के बहुमत की ओर इंगित कर रहा है,इससे भाजपा के अंदर चिंता की लकीरें  आ गई है ।उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार केंद्र में अपनी सरकार नहीं बना पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि छह उप चुनाव परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।

अवस्थी ने कहा है कि प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के समय नोकरियों के नाम पर पेपर बेच कर जो खिलवाड़ इन बेरोजगार युवाओं से किया गया वह यह भूले नहीं है। भाजपा का महिला विरोधी चेहरा भी अब मातृ शक्ति के सामने आ चुका है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के महिला सम्मान निधि को रुकवाने के लिये भाजपा ने चुनाव आयोग पर दबाव बनाया, आयोग ने उनकी इस मांग को खारिज करते हुए महिलाओं को अपने फॉर्म भरने की प्रक्रिया को जारी रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जान चुके हैं और उसे अब प्रदेश में सत्ता के सपने देखना छोड़ देना चाहिए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed