किन्नौर: बर्फीले तूफान की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत

हिमाचल: प्रदेश के किन्नौर जिले की भावावैली के मुसरिंग में हिमस्खलन से पहले आए बर्फीले तूफान में निजी हाइड्रो परियोजना में कार्यरत तीन मजदूरों की मौत हो गई। दो अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस थाना भावानगर से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब एक बजे निजी हाइड्रो परियोजना के सभी मजदूर दोपहर का भोजन कर रहे थे। अचानक हिमस्खलन से पहले आए बर्फीले तूफान ने मजदूरों को चपेट में ले लिया। इसके चलते मजदूर सीमन किंडो गांव उर्मी, झारखंड और विरयां उराव तहसील कूचा टोले झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रतन लाल झारखंड ने कटगांव पीएचसी में दम तोड़ दिया। वहीं घायल नेपाल मूल के कृष्ण को गंभीर चोटें आने से उसे महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया गया है। घायल चंद्र नाथ, झारखंड का पीएचसी कटगांव में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी किन्नौर सृष्टि पांडे ने कहा कि इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही कंपनी के अधिकारियों और पुलिस टीम ने दो शवों को कब्जे में लिया, जबकि एक घायल मजदूर ने पीएचसी कटगांव में दम तोड़ दिया। पुलिस थाना प्रभारी भावानगर जगदीश ठाकुर और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed