ग्रेनेड फटने से छत्तीसगढ़ में हिमाचल का BSF जवान शहीद

कांगड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रविवार को चुनावी ड्यूटी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान कांगड़ा ज़िले के राजा का तालाब क्षेत्र से संबंध रखने वाले बलवीर चंद की ग्रेनेड विस्फोट में मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक विस्फोट उस वक्त हुआ, जब  ड्यूटी के लिए कटेकल्याण पुलिस थाने में तैनात बीएसएफ की 70वीं बटालियन की एक टीम तलाशी अभियान शुरू करने वाली थी। गश्त के लिए दल थाना परिसर से बाहर जा रहा था, तभी हेड कांस्टेबल बलबीर चंद द्वारा पहनी थैली में रखा हथगोला फट गया। घटना में बलवीर चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बलवीर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के राजा का तालाब नेरना गांव के रहने वाले थे और उनके परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। दरअसल दंतेवाड़ा उन 20 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है, जहां 7 नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चुनावी ड्यूटी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के हेड कांस्टेबल बलवीर चंद की ग्रेनेड विस्फोट में मृत्यु होने पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा ज़िले के राजा का तालाब क्षेत्र से संबंध रखने वाले बलवीर चंद ने देश सेवा में अपने प्राण न्यौछावर किए हैं और उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के साथ अपनी सम्वेदनाएं व्यक्त की हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed