मिजोरम में गिरा रेलवे का निर्माणाधीन पुल, 17 मजदूरों की मौत

मिजोरम : मिजोरम में बुधवार को निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी PTI ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि राजधानी आइजॉल से 20 किलोमीटर दूर सायरांग में सुबह 10 बजे यह हादसा हुआ है। घटना के दौरान 35 से 40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। यह पुल बैराबी को सायरांग से जोड़ने वाली कुरूंग नदी पर बन रहा था। नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के CPRO सब्यसाची दे ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया- रेलवे की ओर से रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। उधर, PM और रेलवे ने घटना पर दुख जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है।

पुल में कुल 4 पिलर हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गर्डर टूटकर गिरा हुआ है। सभी मजदूर इसी गर्डर पर काम कर रहे थे। जमीन से पुल की ऊंचाई 104 मीटर यानी 341 फीट है। यानी पुल की ऊंचाई कुतुब मिनार से भी ज्यादा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से पीड़ित परिजनों को 2 लाख और रेलवे ने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसके अलावा PMO की ओर से घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं रेलवे ने गंभीर घायलों को 2 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।

मिजोरम के CM जोराम थांगा ने हादसे की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की है। उन्होंने लिखा- प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। जिन लोगों ने हादसे के दौरान लोगों की मदद की, उनका भी धन्यवाद।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed