नौणी विवि के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 26 लाख रुपये का दिया दान 

हिमाचल के मुख्यमंत्री को चेक भेंट किया गया

सोलन: विश्वविद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी के तहत डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के सभी वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिया है। आज शिमला में मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह को 26 लाख रुपये की राशि का चेक भेंट किया गया। कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के एक प्रतिनिधिमंडल और विश्वविद्यालय कर्मचारियों के सभी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री को चेक भेंट किया।

कुलपति प्रोफेसर चंदेल ने बताया की विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपने एक दिन का वेतन जो लगभग 26 लाख रुपये है, मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों और कर्मचारियों की भलाई के लिए प्रयास कर रहा है। गुरुवार रात भी विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने जिला प्रशासन की मदद से विश्वविद्यालय के छात्रों के एक समूह को स्थानांतरित करने में मदद की, जो मुख्य परिसर के बाहर किराए के मकान में रह रहे थे और उनकी इमारतों में जलभराव के कारण उन्हें सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की जरूरत पड़ी। विश्वविद्यालय ने प्रभावित छात्रों को विश्वविद्यालय के किसान छात्रावास में रहने की भी पेशकश की है।

इस अवसर पर यूएचएफ टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बीएस दिल्टा; गैर-शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष ललित भारद्वाज; फार्म टेक्नोक्रेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. किशोरी लाल;  पर्सनल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष राम स्वरूप; तकनीकी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष चुन्नी लाल और तकनीकी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रवि दत्त उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय कर्मचारियों के इस नेक कदम की सराहना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed