


इंदिरा गांधी सम्मान निधि के नाम पर सत्ता में आए, हिम केयर से इलाज के नाम पर भी वसूली
चंडीगढ़ हाटी समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम भादरी में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष
शिमला: शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज राष्ट्रीय मातृत्व सुरक्षा दिवस है। यह दिन कस्तूरबा गांधी जी के जन्मदिन के दिन मनाया जाता है। उनके महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मान देने के लिए यह दिन मनाया जाता है। इस दिन पूरे देश में मातृत्व को सशक्त करने, जच्चा-बच्चा की सुरक्षा, इनकी मृत्युदर कम करने के लिए, कुपोषण से बचाने के लिए अभियान चलाया जाता है। इसके लिए वेलफेयर स्टेट बड़ी-बड़ी योजनाओं की घोषणा करती है। लेकिन सुक्खू जी व्यवस्था परिवर्तन वाली शुल्क की सरकार चला रही है इसलिए उन्होंने मातृशक्ति के लिए राज्य स्तरीय कमला नेहरू अस्पताल में मेजर ऑपरेशन सहित अन्य चीजों के लिए 4700 रुपए की फीस लगा दी है। सरकार हमेशा एक वेलफेयर स्टेट के रूप में कार्य करती है, हर जगह शुल्क लगाना सरकार का काम नहीं है। हिम केयर के तहत यदि लोगों को निःशुल्क इलाज मिल रहा है तो अब सरकार उसमें तमाम तरह की फीस क्यों जोड़ रही है? सुक्खू सरकार अब हिम केयर के चरणबद्ध खात्मे की तरफ़ बढ़ रही है। पहले दिन से ही सुक्खू सरकार को भाजपा सरकार की योजनाएं चुभ रही थी, जिसे अब बंद करने का काम लगातार चल रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि मातृत्व के लिए सर्जरी करवाने वाली महिलाओं से अब रोटी के भी पैसे लिए जाएंगे। मरहम पट्टी के लिए भी पैसा लिया जाएगा। इसके अलावा, सर्जन, कंसल्टेशन फीस, एनेस्थीसिया, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, ऑक्सीजन के भी चार्ज लिए जा रहे हैं। हिम केयर में यह सब फ्री था, अब पैसा लगेगा। सरकार द्वारा हिम केयर के तहत आपूर्ति करने वालों का भुगतान रोके जाने की वजह से वैसे ही हालत खराब हैं, ऐसे में सुख की सरकार का यह शुल्क पैकेज प्रदेश के लोगों पर भारी पड़ेगा। सरकार ने हिम केयर को बंद करने की चरणबद्ध शुरुआत कर दी है। सोचने में ही यह हास्यास्पद है कि 1500 रुपए की इंदिरा गांधी सम्मान निधि की झूठी गारंटी देकर सत्ता में आई सरकार कस्तूरबा गांधी जी के जन्मदिन पर कमला नेहरू अस्पताल में मातृशक्ति से ऑपरेशन के शुल्क वसूलने का फरमान जारी किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सभी सरकारों ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य लाभ के लिए संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप विशेष वर्ग का दर्जा दिया और पिछली भाजपा सरकार ने एक कदम और बढ़ाकर हिमकेयर के अंतर्गत निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई ताकि महिला कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। आज भी केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, किलकारी योजना, राष्ट्रीय आयरन प्लस पहल जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे जननी-शिशु सुरक्षा चक्र को और सुदृढ़ किया जा सके। लेकिन हिमाचल प्रदेश में सुख के नाम पर शुल्क की सरकार चल रही है, जिसका एक मात्र ध्येय शुल्क लगाकर हर तरीके से प्रदेश के लोगों को त्रस्त किया जा सके।
चंडीगढ़ हाटी समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘भादरी’ में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चंडीगढ़ हाटी समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘भादरी’ में शामिल हुए। यह कार्यक्रम पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को संजोकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश से बाहर रह रहे लोग जब अपनी संस्कृति को जीवित रखने के लिए इस प्रकार के आयोजन सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं और सामाजिक एकता को भी मजबूत बनाते हैं। ‘भादरी’ जैसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।नेता प्रतिपक्ष ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

भरमौर: भरमौर में स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने आज प्रदेश की वर्तमान सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर बाजार क्षेत्र से रैली निकाली तथा सरकार की नीतियों को आम जनता के हितों के खिलाफ बताया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों से आम जनता, किसान, युवा और कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से निम्न मुद्दों को उठाया गया:
• क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली
• स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर स्थिति
• शिक्षा व्यवस्था में गिरावट
• स्थानीय लोगों की अनदेखी और विकास कार्यों में भेदभाव
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और अंत में प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजने की बात भी कही।

· जन समस्याओं का घर-द्वार पर निपटान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- विक्रमादित्य सिंह
· नेरी से बाढु सड़क के निर्माण के तहत वन विभाग को 1.25 करोड़ रुपए की लेवी राशि वनीकरण के लिए शीघ्र जारी करने की घोषणा
मण्डी: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज ग्राम पंचायत निहरी में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की। क्षेत्र की 9 पंचायतों की 181 शिकायतों एवं समस्याओं का निपटारा इस कार्यक्रम के दौरान किया गया।
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में ग्राम पंचायत निहरी, घड़ोई, बजौहण, रोहांडा, सेगल, डुमट बैहली, जरल, बंदली तथा ग्राम पंचायत मरहड़ा बदेहन के लोगों की ओर से लगभग 108 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। इनमें से 98 का समाधान प्रशासनिक स्तर पर पहले ही कर लिया गया, जबकि आज प्राप्त 83 समस्याओं का मौके पर ही निपटान किया गया, जबकि विभिन्न मांगों को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जनता की आवाज को सुनने और घर-द्वार पर उनकी समस्याओं का निराकरण करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इसके लिए सरकार गांव के द्वार, राजस्व लोक अदालतों के आयोजन सहित कई नई पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे जहां लोगों के रोजमर्रा की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो रहा है, वहीं विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों एवं सेवा केंद्रों के माध्यम से उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दिव्यांगता सहित अन्य प्रमाण पत्र व विविध सेवाएं घर के समीप ही उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज यहां प्रस्तुत समस्याओं एवं मांगों में अधिकांश लोक निर्माण विभाग, राजस्व, वन, बिजली बोर्ड, स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग इत्यादि से संबंधित रही हैं, जिनके निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित विभागों को जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने निहरी के ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहद शालीन एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में आज का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसके लिए समस्त जनता व अधिकारी सराहना के पात्र हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां प्रस्तुत एक-एक मामले पर पूरी गंभीरता से संज्ञान लिया गया है और वे स्वयं भी इनकी प्रगति की निगरानी करेंगे।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने को विभाग प्राथमिकता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि निहरी के लिए पंडार होकर आने वाली मुख्य सड़क का कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 के तहत किया जा रहा है और इसी माह से यह कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित समय अवधि में यह कार्य मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे स्वेच्छा से भूमिदान कर विकास में सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि ऐसे भूमिदाताओं के नाम पर सड़क का नामकरण करने का मामला वे मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखेंगे। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल की मांग पर उन्होंने नेरी से बाढु सड़क के निर्माण के लिए वन विभाग की ओर से वनीकरण के लिए आवश्यक एक करोड़ 25 लाख रुपए की लेवी राशि लोक निर्माण विभाग की ओर से शीघ्र जमा करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली लोड की समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र में 16 नए डीटीआर लगाए जा रहे हैं, जबकि 22 ट्रांसफार्मर को अपग्रेड किया जा रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में पीएमजीएसवाई-4के प्रथम बैच में लगभग 1500 कि.मी. सड़कों के निर्माण के लिए करीब 2300 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से भेंट कर पीएमजीएसवाई-3 के तहत जारी कार्यों को एक्सटेंशन का मामला उठाया था। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में इन कार्यों को दो साल का विस्तार दिया गया है जिसके तहत करीब तीन हजार करोड़ रुपए के कार्य समयबद्ध पूरे करने का लक्ष्य लोक निर्माण विभाग ने रखा है।
लोक निर्माण मंत्री ने निहरी कॉलेज में रिक्त पदों का मामला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निहरी के भवन के शेष कार्य के लिए राशि उपलब्ध करवाने तथा निहरी में तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय स्थापित करने बारे मुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने तहसील कल्याण अधिकारी को माह के कुछ दिनों तक निहरी में बैठने की व्यवस्था बनाने के लिए भी संबंधित विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्माणाधीन भवन जिनका 70 से 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें समयबद्ध पूर्ण कर जनता को समर्पित करने को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है।
इससे पूर्व उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए सेवा केंद्रों एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और मूल माहूंनाग मंदिर में शीश नवाकर प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना भी की। स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान 216 लोगों की जांच की गई जबकि 48 दिव्यांगता मामलों में भी स्वास्थ्य जांच की गई। एसडीएम कार्यालय की ओर से आरसी व लर्निंग लाइसेंस भी जारी किए गए।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) विद्यालय प्रागपुर में होगा शारीरिक परीक्षण का आयोजन*
देहरा : उपमंडल देहरा, जिला कांगड़ा में पशुपालन विभाग द्वारा पशु मित्र नीति-2025 के अंतर्गत मल्टी टास्क वर्कर्स (पशु मित्र) के चयन हेतु शारीरिक परीक्षा का आयोजन 16 व 17 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा।
यह जानकारी वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी देहरा डॉ राजेश भाटिया ने दी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल, 2026 को प्रातः 10:00 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला प्रागपुर में गुलेर, भटोली फकोरियां, ढलियारा, मूहल, सकरी तथा ठाकुरद्वारा क्षेत्र के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार 17 अप्रैल, 2026 को प्रातः 10:00 बजे से उपरोक्त स्थान पर ध्वाला, शांतला, घमरूर, गरली तथा डाडासीबा क्षेत्र के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित होगी।
उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 14-15 वर्ष की लड़कियों के अभिभावकों से की अपील
हमीरपुर: लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 11 और 12 अप्रैल को भी जिला हमीरपुर के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि भारत में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है और हर वर्ष इस बीमारी के लगभग 12-13 लाख नए मामले सामने आते हैं। इससे 75,000-80,000 महिलाओं की दुखद मृत्यु होती है। यह कैंसर एचपीवी नामक वायरस के कारण होता है। अगर समय पर टीकाकरण हो जाए तो इस वायरस से बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुमोदित है। विश्व के 150 से अधिक देशों में इस वैक्सीन की करोड़ों खुराक सफलतापूर्वक दी जा चुकी हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह टीका निजी क्षेत्र में काफी समय से उपलब्ध है, लेकिन इसकी लागत अधिक होने के कारण सभी के लिए सुलभ नहीं था। अब सरकार इसे 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए जाते हैं। इस पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर और टीका लगवाने के लिए अपॉइंटमेंट लेकर सीधे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर टीका लगवाया जा सकता है। टीकाकरण केंद्र पर लड़की का आयु प्रमाण पत्र अवश्य साथ लाएं। यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है, परंतु अभिभावकों की सहमति आवश्यक है।

राज्य स्तरीय हरोली उत्सव – 2026: 4 दिवसीय उत्सव के लिए हरोली मैदान सज-धज के तैयार, तैयारियां मुकम्मल
ऊना : बैसाखी के उत्साह से सराबोर राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 को लेकर सोमभद्रा तट पर स्थित हरोली मैदान, रोड़ा सज-धज के तैयार है। 11 से 14 अप्रैल तक हो रहे इस आयोजन को लेकर सभी विभागों ने आपसी समन्वय से उत्सव संबंधी सभी तैयारियाों को मुकम्मल कर लिया है।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, भव्य शोभायात्रा का होगा आयोजन
हरोली उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय हरोली उत्सव का शुभारंभ 11 अप्रैल को सायं 5 बजे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा किया जाएगा। वे बस अड्डा हरोली से आयोजन स्थल आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा की अगुवाई के उपरांत हरोली मैदान, रोड़ा में समारोह का उद्घाटन करेंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इस मौके साथ होंगे।
वहीं, 12 अप्रैल को उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता अनूप रत्न बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। आयोजन के समापन समारोह में पूर्व सांसद एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश कांग्रेस रजनी पाटिल मुख्यातिथि होंगी।
काफ रैली और डाॅग शो होगा आयोजित
पशुपालन विभाग ऊना के उपनिदेशक डाॅ वीरेंद्र सिंह पटियाल ने जानकारी दी कि उत्सव की दूसरे दिन 12 अप्रैल को सुबह 10 बजे काफ रैली और 13 अप्रैल को सायं 3 बजे डाॅग शो आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों का मुख्य मकसद स्वस्थ बछड़ा-बछड़ी पालन के लिए प्रोत्साहन एवं श्वानों के महत्व को रेखांकित करना है। साथ ही 13 अप्रैल को गौवंश व भैंसों की उत्तम नस्लों का प्रदर्शन भी किया जाएगा ताकि क्षेत्र की संस्कृति में इन नस्लों का महत्व रेखांकित किया जा सके एवं पशुपालकों को उत्तम नस्ल के पशुपालन हेतु प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा पशु पालन विभाग की ओर से 11 से 14 अप्रैल तक पशुपालन से संबंधित जानकारी एवं पशुधन के गोबर और दूध के नमूनों की निःशुल्क जांच की जाएगी।
महिलाओं की प्रतियोगिताएं एवं पंजीकरण विवरण
एसडीएम ने बताया कि उत्सव में स्थानीय महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उत्सव में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 13 अप्रैल को महिलाओं के लिए रस्साकशी, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगितओं में उत्कृष्ट प्रर्दशन करने वाली महिलाओं को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इच्छुक महिलाएं अपना पंजीकरण करवा सकती हैं। रस्साकशी प्रतियोगिता के लिए रावमापा हरोली के डीपी राजिंद्र बैंस, मोबाइल नम्बर 98164-29932, मेहंदी प्रतियोगिता के लिए ज्योति शर्मा, 70180-67510 और रंगोली प्रतियोगिता के लिए पुष्पा देवी, मोबाइल नम्बर 85806-37363 के पास महिलाएं अपना पंजीकरण करवा सकती हैं।
पंजाबी और स्थानीय प्रतिभाओं के सुरों से गुंजेगी हरोली*
राज्य स्तरीय हरोली उत्सव के 4 दिन हरोली की धरती प्रसिद्ध पंजाबी और स्थानीय प्रतिभाओं के सुरों से गुंजेगी। इनमें स्टार नाइट्स विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इसमें हिमाचल के साथ-साथ पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वैसाखी पर्व से जुड़े इस आयोजन में 11 अप्रैल की संध्या में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को जी. खान और प्रभ गिल, 13 अप्रैल को हिमाचल के सुप्रसिद्ध कलाकार कुलदीप शर्मा एवं अनुज शर्मा और 14 अप्रैल को गुरलेज़ अख़्तर और एमी विर्क राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में अपने सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का मनोरंजन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से इस उत्सव को भव्य स्वरूप् दिया जा रहा है। यह उत्सव हरोली क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं के संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के संकल्प को समर्पित है।

शिमला: जिला शिमला पुलिस ने नशे के विरुद्ध अभियान के तहत एक बड़ी एवं संगठित कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंतर-राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया है। जिला शिमला पुलिस ने 34.440 ग्राम चिट्टा बरामद कर मुख्य आरोपियों सहित नेटवर्क के अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। थाना ठियोग की पुलिस टीम को एक गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर में कुछ व्यक्ति चिट्टा की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर उक्त वाहन को ट्रेस किया, जिसमें चार व्यक्ति सवार पाए गए। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई, जिसके दौरान इनसे 34.440 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस पर थाना ठियोग में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में चांद प्रकाश(32) पुत्र हरि सिंह, निवासी गांव दरमोह निरमंड, विजय कुमार( 23) पुत्र राम चंद, निवासी गांव न्यूकुंडर निरमंड, अभिषेक(24 ) पुत्र किशोरी लाल, निवासी गांव दांसा ननखड़ी और कैलाश(26) पुत्र हरी सिंह, निवासी गांव दरमोह निरमंड शामिल हैं। मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस टीम की ओर से लगातार प्रयास, तकनीकी विश्लेषण व गहन पूछताछ के आधार पर बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर उनका पता लगाया गया, जिसके फलस्वरूप चिट्टे की इस खेप के सप्लायर आरोपी शिवदेव सिंह(30) पुत्र मिठू सिंह, निवासी गांव बछौंआ मानसा को भी गिरफ्तार किया गया है। उक्त आरोपी को शिमला पुलिस की स्पेशल टीम की ओर से पंजाब के मानसा जिला से गिरफ्तार कर ठियोग लाया गया है। जहां उसे न्यायालय में पेशकर पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिला शिमला पुलिस की ओर से मामले में आगे की जांच जारी है।

कांगड़ा :उपमंडल देहरा के अंतर्गत ढलियारा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है। तीखे मोड़ पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 60 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सभी श्रद्धालु पंजाब के कपूरथला से माता के दर्शन के लिए निकले थे। वे पहले मां चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के बाद ज्वालाजी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ढलियारा के खतरनाक मोड़ पर ट्रैक्टर ट्रॉली चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली बैरिकेड तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 37 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चार गंभीर रूप से घायल लोगों को देहरा अस्पताल से टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज देहरा अस्पताल में जारी है। कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जिला पुलिस कप्तान मयंक चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि श्रद्धालु चिंतपूर्णी से ज्वालाजी की ओर जा रहे थे, तभी ढलियारा के पास यह दुर्घटना हुई, जिस में तीन की मौत हो चुकी है ओर करीब डेढ़ 14 लोग घायल हुए है पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

