हिमाचल: मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने संभाला पदभार…

मुख्यमंत्री सुक्खू का पहला फैसला….

प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया स्वागत

हिमाचल: प्रदेश के कर्मचारियों ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गर्मजोशी से स्वागत किया। सचिवालय के हजारों अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर पंक्तिबद्ध होकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री का पद ग्रहण करने पर बधाई दी।
इसके उपरांत, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं संघ के सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए नए उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार के लिए सुशासन आवश्यक है, इसलिए यह अधिकारियों का कर्तव्य बनता है कि वे अपना समय लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए समर्पित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन के जीवन में सुखद परिवर्तन लाने के लिए कार्य करें।

वहीं शिमला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि विधायकों एवं उनके परिजनों को हिमाचल भवन/सदन और राज्य अतिथि गृहों में आम जनता के समान कमरों के किराए की अदायगी करनी होगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार जन शिकायतों के निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन में पारदर्शिता लाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी। इसके लिए जल्द ट्रांसपेरेंसी एक्ट लाया जाएगा। इस पर काम शुरू हो चुका है। जल्द ही ब्लूप्रिंट सामने आएगा।

सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह उन्हें बधाई देने सचिवालय पहुंचे।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सचिवायल में पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2 लोगों से भी कैबिनेट मीटिंग हो जाती है। यदि 10 दिन के भीतर कैबिनेट का विस्तार हो गया तो ठीक, नहीं होने पर मुख्यमंत्री और डिप्टी मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल बैठक करके जनता से किए गए वादे पूरे करेंगे। उन्होंने कहा कि 10 दिन के भीतर कैबिनेट मीटिंग करके OPS बहाल कर दी जाएगी। यह सरकार चलेगी भी, दौड़ेगी भी और यह परफॉर्म भी करेगी। यह मानकर चलो कि कोई परिंदा भी इस सरकार को चोंच नहीं मार पाएगा। सरकार स्थायी होकर पूरे 5 साल चलेगी। सभी एकजुट होकर मिलकर काम करेंगे।

इस मौके पर  विधायक हर्षवर्धन चौहान, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुभासीष पंडा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed