शिमला: माकपा ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया। इस घोषणापत्र को माकपा के राज्य सचिव मंडल के सदस्य राकेश सिंघा ने जारी किया। इस मौके पर माकपा सचिवालय मंडल सदस्य संजय चौहान के अलावा माकपा नेता कुलदीप तंवर और बलवीर पराशर भी मौजूद रहे। पार्टी मंडी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि तीन सीटों पर इसका समर्थन कांग्रेस को रहेगा।
अपने घोषणापत्र में माकपा ने कई वायदे किए हैं। इसमें मजदूरों के लिए प्रति माह 18 हजार रुपये का मासिक वेतन देने की घोषणा की। माकपा ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का भी एलान किया। भूमिहीन किसानों को जमीन देने और जंगली-जानवरों की समस्या को हल करने का भी घोषणा की है।
सिंघा ने आरोप लगाया कि सीबीआई केंद्र सरकार का हथियार बनकर रह गई है। हिमाचल के गुड़िया केस में प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल किया गया। देश को बचाने के लिए भाजपा और इसके सहयोगी दलों को सत्ता से बाहर करना होगा। सिंघा ने उपजाऊ भूमि को अलग-अलग प्रोजेक्टों के लिए देने पर भी लंबी लड़ाई लड़ने का एलान किया। रेल विकास में भी केंद्र सरकार ने हिमाचल की कोई मदद नहीं की। एक भी नई लाइन प्रदेश को नहीं देने के मामले में वह विधानसभा सदस्य होने के नाते विधानसभा के मानसून सत्र में प्रिविलेज मोशन लाएंगे।