चम्बा : चम्बा दौरे पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने साहू क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर वोट की खातिर देश को धर्म व जाति के नाम पर बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सही मायने में इस सरकार ने अंग्रेजों से भी अधिक देश को बांटने का प्रयास किया है। जो लोग देश को धर्म, जाति के नाम पर बांटने का प्रयास करे वे देश को कैसे एक रख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे देश की बात हो या फिर प्रदेश की बात हो विकास सिर्फ व सिर्फ कांग्रेस की देन है। भाजपा ने 5 वर्षों में विकास के कोई ऐसे 5 काम तक नहीं किए हैं जिनके नाम पर वह लोगों से वोट मांग सके। उन्होंने कहा कि देश आज बेहद विकट स्थिति से गुजर रहा है। आज देश में विकास के नाम पर वोट नहीं मांगे जा रहे हैं बल्कि वीर सैनिकों के कारनामों पर अपना टैग लगाकर भाजपा वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस बात पर गौर फरमाना चाहिए। वहीं उन्होंने चम्बा-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील की।