राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों पर हिमाचल की सियासत में एक नया मोड़

  • रोहड़ू में सत्ती के पोस्टर पर लगाई कालिख, तो नेरचौक में फूंका पुतला

शिमला: हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों पर हिमाचल की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है। इस विवाद के बाद प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा सत्ती के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेसियों ने शिमला और मंडी में उन पर एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस में शिकायतें दी हैं। साथ ही उनके आपत्तिजनक बयान की वीडियो क्लिप भी दी गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती के सार्वजनिक मंच से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर की अभद्र टिप्पणी और गाली पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शिमला कांग्रेस भवन से लेकर डीसी कार्यालय तक रैली निकाली। डीसी कार्यालय के बाहर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सतपाल सत्ती का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। उधर, राधा स्वामी सत्संग पर टिप्पणी को लेकर भी सत्ती के खिलाफ शिमला के ढली थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने उन पर तीखा हमला बोला है। उधर, शिमला के रोहड़ू में सत्ती के पोस्टर पर कालिख लगाई गई। मंडी के नेरचौक में उनका पुतला फूंका गया।

कांग्रेस आज प्रदेश भर में रोष प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस ने चेताया है कि अगर मामला दर्ज नहीं किया तो वे हाईकोर्ट का रुख करेंगे। आरोप है कि सत्ती ने बीते दिन नालागढ़ के रामशहर में एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द कहे। इस पर कांग्रेस ने बवाल खड़ा कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने एसपी शिमला और सदर थाना को सत्ती के खिलाफ एक लिखित शिकायत भेजी है।

भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ऊना में प्रेस वार्ता में कहा कि वीडियो क्लिप में कट-पेस्ट हुआ है। चुनावों में कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए बेवजह तूल दे रही है। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को सलाह दी कि वह 45 मिनट का पूरा भाषण सुनें तो उन्हें पता चल जाएगा कि किस संदर्भ में क्या बात हुई। मेरा सभी धर्मों-संस्थान के प्रति सम्मान व आदर है। झूठ फैलाने से भला नहीं हो सकता।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *