राजकीय सम्मान के साथ तिरंगे में लिपटी ‘चांदनी’ पंचतत्व में विलीन

मुंबई: विले पार्ले श्मशान में श्रीदेवी पंचतत्व में विलीन हो गईं, पति बोनी कपूर ने उन्हें मुखाग्नि दी। विले पार्ले श्मशान भूमि में श्रीदेवी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बोनी कपूर ने अंतिम क्रिया की। श्रीदेवी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एक्ट्रेस श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में बुधवार को हजारों फैन्स शामिल हुए। उनके पार्थिव शरीर को मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान तक एक सजे हुए ट्रक से ले जाया गया। रास्ते में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में मौजूद हर शख्स ने उन्हें नम आंखों के साथ विदा किया। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे से लपेटा गया है। ‘पद्मश्री’ से सम्मानित श्रीदेवी का राजकीय सम्मान के साथ विदा किया गया। श्रीदेवी का यूं दुनिया से चले जाना फैंस के लिए एक ‘सदमा’ ही है। अपने 50 साल के करियर में अलग-अलग भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्में करने वाली श्रीदेवी भारत की पहली महिला सुपरस्टार थीं। वो बॉलीवुड की ‘चांदनी’ थीं। शनिवार 24 फरवरी को दुबई में श्रीदेवी का निधन हुआ। मंगलवार रात उनके पार्थिव शरीर को मुंबई लाया गया। बुधवार को 9.30 से 12.30 तक फैंस के अंतिम दर्शन के लिए उनके शव रखा गया। 2 बजे के बाद उनकी शव यात्रा निकाली गई और करीब-करीब 4 बजे श्रीदेवी का दाह संस्कार किया गया। राजेश खन्ना के निधन के बाद यह पहला मौका बताया जा रहा है, जब किसी बॉलीवुड स्टार को इस तरह ओपन ट्रक में ले जाया गया है। अंतिम यात्रा के लिए मुंबई प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। खबरों के मुताबिक, देशभर से श्रीदेवी के प्रशंसक और लगभग पूरा बॉलीवुड उनकी शव यात्रा में जुटा। मुंबई के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब से श्रीदेवी की अंतिम यात्रा निकाली गई। फूलों से सजे सफेद ट्रक में श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रखा गया। शाम 4 बजे उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर का सुहागिन की तरह शृंगार किया गया था। श्रीदेवी को लाल रंग की बनारसी साड़ी पहनाई गई थी। आंखों में आंसू भरे उनके प्रशंसकों की भीड़ सड़कों पर उमड़ आई थी। कुछ प्रशंसकों के हाथों में फूल थे। इससे पहले, उनके पार्थिव शरीर को आखिरी दर्शन के लिए मुंबई के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया था। श्रीदेवी का अंतिम दर्शन करने के लिए रेखा, ऐश्वर्या राय बच्चन, अरबाज खान, माधुरी दीक्षित नेने, अक्षय खन्ना, तब्बू, फराह खान, नितिन मुकेश, नील नितिन मुकेश, विद्या बालन, सुष्मिता सेन, शबाना आजमी, जावेद अख्तर, मधुर भंडारकर, दीपिका पादुकोण, संजय लीला भंसाली, फरहान अख्तर, हेमा मालिनी, जया बच्चन, जॉन अब्राहम, सुलभा आर्या, अजय देवगन और काजोल जैसी हस्तियां पहुंचीं।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *