सरकाघाट: 15 से 30 सितंबर तक चंदेश-कोलनी-ढलवान सड़क पर यातायात रहेगा बंद

भरनाल-कोलनी वाया नाला-रा-गेहरा मार्ग रहेगा वैकल्पिक मार्ग

सरकाघाट: लोक निर्माण विभाग, सरकाघाट मंडल द्वारा चंदेश-कोलनी-ढलवान सड़क पर पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते 15 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक इस सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस संबंध में उपमंडलाधिकारी (नागरिक), सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुरक्षा तथा कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से चंदेश-कोलनी-ढलवान सड़क को यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। लोक निर्माण विभाग को सड़क पर उचित स्थानों पर सूचना एवं डायवर्जन बोर्ड लगाने तथा निर्धारित डायवर्जन प्वाइंट पर सड़क के संबंधित हिस्से को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में पूरा करने को भी कहा गया है।

यातायात बंद रहने की अवधि के दौरान भरनाल-कोलनी वाया नाला-रा-गेहरा मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन परिस्थितियों में आवागमन की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा एक वैकल्पिक वाहन भी उपलब्ध रखा जाएगा।

प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाए गए यातायात संकेतों तथा डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और आवागमन के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed