ताज़ा समाचार

शिमला: लिफ्ट के समीप सड़क 7 – 8 सितंबर की रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगी बंद

शिमला: जिला दंडाधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने लोक निर्माण विभाग द्वारा कॉम्बरमेयर ब्रिज (लिफ्ट के समीप) पर प्रस्तावित ब्रिज गर्डरों की लॉन्चिंग/स्थापना के कार्य के दृष्टिगत एमडीआर-66 पर आरडी 03/965, कॉम्बरमेयर ब्रिज के समीप सड़क को 7 एवं 8 सितंबर की रात 11:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। जिला दंडाधिकारी ने यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 एवं 117 तथा अन्य संबंधित शक्तियों के तहत जारी किए हैं। सड़क बंद रहने के दौरान वाहनों की आवाजाही को विक्ट्री टनल और टालैंड के वैकल्पिक मार्गों से यातायात पुलिस के निर्देशानुसार संचालित किया जाएगा।

आदेश के अनुसार संबंधित कार्यकारी एजेंसी को सड़क बंदी के दौरान उचित बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव चेतावनी संकेत, फ्लैशर, कोन एवं अन्य आवश्यक यातायात नियंत्रण उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में फ्लैगमैन, वॉचमैन तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित एजेंसी को यातायात पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से मशीनरी अथवा निर्माण सामग्री न रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आपातकालीन वाहनों, जिनमें एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं पुलिस वाहन शामिल हैं, की तत्काल आवाजाही के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सड़क बंद होने की सूचना वाहन चालकों को पहले से देने के लिए एमएलए क्रॉसिंग, विक्ट्री टनल, टालैंड तथा रेवन्सवुड में पर्याप्त चेतावनी एवं डायवर्जन संकेतक लगे होंगे। जिला दंडाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को कार्य के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गर्डर लॉन्चिंग कार्य से आम जनता, सड़क उपयोगकर्ताओं एवं श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा अथवा खतरा न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

यातायात जाम, आपात स्थिति अथवा सुरक्षा संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित एजेंसी को तत्काल यातायात पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed