कुल्लू: टाटा सूमो खाई में गिरी; 3 महिलाओं की मौत, 9 लोग घायल

कुल्लू:  जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब छह किमी दूर बढ़ई-बागन-पीज सड़क पर जोखूनाला (अपर बढ़ई) के पास गुरुवार दोपहर एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पंचायत चुनाव में मतदान करने के बाद मेला देखने जा रही सास-बहू समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई। दो की मौके पर ही मौत हुई और एक ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के दौरान दम तोड़ा। नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में कली देवी पत्नी बुद्धि सिंह (62) निवासी बेधार, उनकी छोटी बहू मैना देवी पत्नी देवी सिंह (35) समेत कलावंती पत्नी सुरेंद्र (40) निवासी बेधार शामिल हैं।

घायलों में कली देवी की बड़ी बहू प्रोमिला (35) के अलावा शकोर निवासी माला देवी, जयसिंह, बेधार गांव निवासी सवित्रा, अंजू, आयांश, तारा, कमला सिंह और चेत्रू शामिल हैं। तारा और उसके बेटे आयांश की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर स्थित एम्स रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार लोग मतदान करने के बाद ऊझी घाटी के शिरढ़ गांव में आयोजित काहिका मेला देखने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे वाहन हादसे का शिकार हो गया। गाड़ी के गहरी खाई में गिरने की सूचना सबसे पहले कोटलू ग्रां गांव के स्कूली बच्चों ने आसपास के लोगों को दी। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दवारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed