हिमाचल: प्रदेश की राजधानी शिमला में चक्कर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को आज बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी आधिकारिक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। जानकारी के अनुसार यह धमकी ईमेल के जरिए प्राप्त हुई थी। इसमें कोर्ट परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने अदालत भवन सहित आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई भी बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अदालत परिसर में स्थिति सामान्य कर दी गई और नियमित रूप से कामकाज जारी रहा। पुलिस के अनुसार धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
बता दें कि इससे पहले भी जिला एवं सत्र न्यायालय के अलावा हाई कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हाईकोर्ट, जिला एवं सत्र न्यायालय के अलावा कई अन्य परिसरों को उड़ाने की धमकी भरी ईमेल पहले भी प्राप्त हुई है। पुलिस ने बालूगंज थाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह ईमेल कहां से आई थी।