मण्डी से सकुशल बरामद हुई शिमला से लापता नाबालिग लड़की

शिमला : शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने जिला मण्डी से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। इसके बाद लड़की को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। जिला पुलिस शिमला के अनुसार इस मामले में पुलिस थाना नेरवा में 28 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने लड़की की तलाश के लिए अलग-अलग संभावित स्थानों पर खोजबीन की और आसपास के जिलों में भी सूचना भेजी। लगातार की जा रही जांच और तलाश के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि लड़की जिला मंडी में हो सकती है।

इसके बाद पुलिस टीम ने मण्डी में कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को वहां से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार लड़की सुरक्षित है और उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जिला पुलिस शिमला ने इस मामले में लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी को किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करना चाहिए, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके और किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed