सोलन: ओच्छघाट में दो मंजिला मकान पर गिरी चट्टान, मकान को नुकसान

सोलन : सोलन जिले के ओच्छघाट क्षेत्र में देर रात एक बड़ी चट्टान अचानक पहाड़ से खिसक कर सीधे एक दो मंजिला मकान पर गिर गई और छत को तोड़ती हुई आंगन में आकर अटकी। गनीमत रही कि यह चट्टान कुछ पेड़ों पर अटक गई, अन्यथा इसका कहर साथ लगते कई घरों पर टूट पड़ता और जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। सुबह जब ग्रामीणों ने चट्टान का आकार देखा तो सभी स्तब्ध रह गए। स्थानीय पंचायत प्रधान पूनम ने बताया कि उन्हें पहले ही इस चट्टान के खिसकने का आभास हो गया था, इसलिए रात को ही घर खाली कर दिया गया था। इसी सतर्कता ने पूरे परिवार की जान बचा ली। उन्होंने बताया कि यह घर किरण शर्मा का है। वहीं उनके साथ उनकी बेटी भी रहती थी, जागरुकता के कारण उनकी जान बच गई।

इसके अलावा, सोलन जिले के धर्मपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। बठोल गांव में भूस्खलन के कारण तीन घरों में दरारें आ गई हैं, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन घरों को खाली करवा दिया है।

सोलन जिले की रामशहर तहसील के तहत ग्राम पंचायत बहेड़ी के गांव नेरन में बारिश के चलते एक रिहायशी मकान जमीन में समा गया। यह मकान शंकर कुमार पुत्र बुधराम का था। यहां पर अचानक जमीन बैठ गई और मकान जमीन के अंधर धंस गया। हैरत की बात है कि इसमें छत को कोई नुकसान नहीं हुआ और यह वैसा ही बैठ गया। पंचायत प्रधान किशन चंद ने बताया कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ क्योंकि खतरा भांपते हुए पहले ही खाली करवा दिया था।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed