शिमला: लद्दाख की गलवान घाटी बुधवार सुबह भारतीय सेना के लिए एक गहरी क्षति लेकर आई। करीब सुबह 11:30 बजे सेना का एक दल चारबाग इलाके स्थित फायरिंग रेंज की ओर जा रहा था, जब अचानक भूस्खलन ने उनके वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। भारी चट्टानों के गिरने से सैन्य वाहन पूरी तरह दब गया। इस भीषण हादसे में हिमाचल प्रदेश के लेफ्टिनेंट कर्नल भानु प्रताप सिंह मनकोटिया (33) और गुरदासपुर के लांस दफादार दलजीत सिंह ने मौके पर ही वीरगति प्राप्त कर ली, जबकि तीन अन्य सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना न केवल भारतीय सेना बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
लद्दाख में भारतीय सेना के वाहन पर पत्थर गिरने की दुर्घटना में मूलतः शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी लेफ़्टिनेंट कर्नल भानु प्रताप सिंह मनकोटिया एवं गुरदासपुर के लांस दफ़ादार दलजीत सिंह के वीरगति को प्राप्त होने का समाचार मिलने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ख़बर अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने इन वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त की।
प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायल वीर जवानों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश इन वीरों का हमेशा ऋणी रहेगा।