विमल नेगी मामले पर CBI जो भी प्रदेश सरकार से मदद मांगेगी, हम देने के लिए तैयार – CM सुक्खू

हिमाचल: प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को विमल नेगी मामले पर शिमला में पत्रकार वार्ता की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि विमल नेगी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। विमल नेगी मामले की जांच के लिए सीबीआई जो भी प्रदेश सरकार से मदद मांगेगी,  हम सब देने के लिए तैयार है। विमल नेगी ने आत्महत्या की है या किन कारणों से उनकी मौत हुई है उसकी पूरी जानकारी सामने आनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विमल नेगी के मामले में हाईकोर्ट ने जांच CBI को सौंप दी है। हिमाचल प्रदेश सरकार माननीय कोर्ट के आदेश को स्वीकार करती है और उस पर कोई अपील नहीं करेगी। हम चाहते हैं कि विमल नेगी जी के परिवार को न्याय मिले। हम सब नियम और क़ानून से बंधे हैं और हम सबका दायित्व है कि क़ानून का अनुसरण करें। हिमाचल प्रदेश सरकार विमल नेगी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए CBI को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विमल नेगी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। विमल नेगी जी ने जिन परिस्थितियों में आत्महत्या की है या इसके पीछे कोई और कारण है, तो उसका पूरा सच जनता के सामने आना चाहिए। विमल नेगी की पत्नी मुझसे सचिवालय में मिली थीं। उन्होंने बताया कि उनके पति कई दिनों से घर नहीं आए हैं। मैंने DGP को फ़ोन कर तुरंत उनका पता लगाने के लिए कहा और उनकी खोज शुरू की गई। बाद में पता चला कि उनका पार्थिव शरीर सतलुज नदी के किनारे मिला है।

उसी दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी  ने भी परिवार से बातचीत की और विमल नेगी जी की धर्मपत्नी से मेरी बात भी करवाई। उनके परिवार ने मुझसे कहा कि देशराज और एम.डी. को पद से हटा दिया जाए। परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए मैंने देशराज और एम.डी. को पद से हटा दिया। पद से हटाने का आदेश भी हमने परिवार को लिखित रूप में दिया है।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मेरी अनुपस्थिति में जो कुछ घटनाक्रम अधिकारियों के बीच घटा है, उसको लेकर जल्द ही वे उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसको लेकर अधिकारियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। जिसमें कानून के सभी पहलुओं को देखकर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा को विमल नेगी की मौत से कुछ लेना देना नहीं है। उन्हें तो केवल इस पर राजनीति करनी है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed