भाजपा संविधान से छेड़छाड़ कर इसे कमजोर करने की कर रही है कोशिश – प्रतिभा सिंह

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर देश के संविधान की रक्षा के लिये आगे आने को कहा है। उन्होंने कहा है कि आज जिस प्रकार से केंद्र में भाजपा नेतृत्व एनडीए सरकार संविधान से छेड़छाड़ कर इसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने सभा मे उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं व सेवादल के पदाधिकारियों को संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने संविधान में मानव अधिकारों की रक्षा की है आज केंद्र की एनडीए सरकार उन अधिकारों का हनन कर रही है। एक सोची समझी रणनीति के तहत बाबा भीमराव अंबेडकर के संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने इसके लिए सभी कांग्रेसजनों को आगे आकर एकजुट होने का आह्वान किया।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिये जिस प्रकार से कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक कि भारत जोड़ो पदयात्रा 3570 किलोमीटर की थी वह बहुत ही ऐतिहासिक थी। उन्होंने कहा देश का संविधान बचाने के लिए राहुल गांधी केंद्र की एनडीए सरकार से एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहें है और इस लड़ाई में हमें उनके हाथ मजबूत करने है।
प्रतिभा सिंह ने नव निर्वाचित सांसद अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की लोकसभा जीत को भी ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनके सांसद चुने जाने से कांग्रेस को एक बहुत बड़ी मजबूती मिली है और प्रियंका संसद में महिलाओं की एक मजबूत आवाज बनेगी।बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देश के संविधान से किसी भी प्रकार से छेड़छाड़ नही होने देगी। उन्होंने कहा कि देश मे अगर संविधान कमजोर होता है तो देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ जायेगा और देश हिटलरशाही की हाथों में चला जायेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा और इसके लिए कांग्रेस पार्टी पर बहुत बड़ी जिम्मेवारी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के कोषाध्यक्ष एवं प्रदेश सेवादल के प्रभारी नरेंद्र बातिश ने अपने संबोधन में कहा कि देश मे विघटनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि सेवादल ने देश की आजादी के समय भी बहुत बड़ी जिम्मेदारी निभाई थी और अब संविधान बचाने की भी उन पर एक बड़ी जिम्मेदारी है जिसे उन्हें पूरी ईमानदारी से निभाना होगा।
प्रदेश सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि संविधान को कमजोर करने वालो को यह देश कभी माफ नही करेगा। उन्होंने कहा कि सेवादल अपनी सभी जिम्मेदारियों को समझता है और उसे हर समय पूरा करता है।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी इस दौरान अपने संबोधन में संविधान की प्रस्तावना पर अपने विचार रखते हुए विघटनकारी ताकतों की आलोचना करते हुए लोगों को सचेत करने का आह्वान किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed