हिमाचल का बेटा अरविंद सिंह जम्मू-कश्मीर में शहीद

मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री ने सिपाही अरविंद सिंह की शहादत पर शोक जताया

शिमला: जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान हिमाचल के जवान अरविंद सिंह शहीद हो गए हैं। जवान की शहादत का समाचार मिलते ही घर पर माहौल गमगीन हो गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन की पंचायत हथोल के गांव लाहड़ निवासी अरविंद सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ने वर्ष 2017 में भर्ती होकर 20 डोगरा बटालियन में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। वर्तमान में वह राष्ट्रीय राइफल्स में डोडा किश्तवाड़ क्षेत्र में तैनात थे। जानकारी के अनुसार के डोडा किश्तवाड़ में सर्च ऑप्रेशन के दौरान सेना के जवानों की आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवान अरविंद सिंह गोली लगने से घायल हो गए, जिसके चलते उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सेना की ओर से जैसे ही अरविंद के शहीद होने की खबर परिजनों को मिली तो घर पर चीखोपुकार मच गई, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

शहीद के पिता राजेंद्र सिंह ने बताया कि अरविंद सिंह एक माह की छुट्टी काटकर 15 दिन पहले ही ड्यूटी पर वापस लौटे थे। शुक्रवार सुबह ही बेटे ने 10 बजे वीडियो कॉल के माध्यम से पूरे परिवार से बातचीत कर हालचाल पूछा था। शुक्रवार शाम 3:45 बजे बटालियन से फोन पर सूचना मिली कि किश्तवाड़ में चल रहे एक ऑप्रेशन के दौरान आतंकियों से मुठभेड़ में अरविंद सिंह शहीद हो गए। शहीद अरविंद सिंह अपने पीछे पिता राजेंद्र सिंह, माता सरोज कुमारी, पत्नी इक्षू देवी, डेढ़ साल का बेटा और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। बता दें शहीद के छोटे भाई भी 8 डोगरा बटालियन में हैं और इस समय जम्मू में तैनात है। वहीं शहीद के दादा देवी सिंह भी आर्मी से सेवानिवृत हुए हैं। वहीं शहीद का पार्थिव देह आज घर पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान नादौन विधानसभा क्षेत्र के कांगू, गांव हथोल खास निवासी वीर जवान सिपाही अरविंद सिंह के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शहादत का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है और अरविंद की अमर शहादत को यह देश कभी नहीं भुला सकेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवदेनाएं व्यक्त की हैं।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने शहीद के परिजनों की हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी सिपाही अरविंद सिंह की शहादत पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। प्रदेश सरकार दुःख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ खड़ी है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed