प्रतिभा सिंह ने सुन्नी में किया 4 करोड़ से अधिक राशि की परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास

जिला स्तरीय किसान मेला का किया शुभारंभ, किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान

शिमला : सांसद लोकसभा प्रतिभा सिंह ने आज सुन्नी में 1.90 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने 2.35 करोड़ रुपए से बनने वाले पुस्तकालय की आधारशिला रखी।

इसके पश्चात उन्होंने जिला स्तरीय किसान मेला का शुभारंभ किया और मेला में आयोजित प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। 

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि किसान मेला के माध्यम से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और मेला में आयोजित प्रदर्शनी से किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती अपनानी चाहिए ताकि जहर मुक्त खेती के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को समाप्त किया जा सके। उन्होंने मेला में उपस्थित किसानों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आग्रह किया ताकि उन्हें प्राकृतिक खेती की बेहतर जानकारी उपलब्ध हो सके।

उन्होंने किसानों से मोटा अनाज की खेती करने का भी आग्रह किया क्योंकि मोटा अनाज सेहत के लिए बेहद लाभकारी है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज इस क्षेत्र को सामुदायिक भवन की सौगात दी गई है जिससे क्षेत्र के लोगों को कोई भी आयोजन करवाने में सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त, पुस्तकालय की आधारशिला भी रखी गई है जिससे नौजवानों को लाभ होगा।

संयुक्त निदेशक कृषि विभाग डॉ रवींद्र जसरोटिया ने  बताया कि प्राकृतिक खेती मृदा स्वास्थ्य के बेहद उपयुक्त है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि उद्योगों में निर्मित उत्पादों को मिट्टी में न डालें और केवल प्राकृतिक उपायों का ही इस्तेमाल करें। 

परियोजना निदेशक आत्मा देवी चंद कश्यप ने स्वागत संबोधन के दौरान बताया कि जिला शिमला में 30842 किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया गया है और 20101 किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं जिसमें लगभग 13000 बागवान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 6254 किसानों को प्राकृतिक खेती के सर्टिफिकेट भी दिये गये हैं। 2612 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। 412 पंचायतों में 769 शिविर लगाए गए हैं। 

जिला स्तरीय किसान मेला में प्रदर्शनियों के 11 स्टॉल लगाए गए थे जिनमें रामपुर, रोहडू, जुब्बल, चौपाल के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री भी की गई। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए आत्मा प्रोजेक्ट द्वारा जिला स्तरीय किसान मेला का आयोजन किया गया जिसमें जीवामृत, बिजामृत, घनजीवामृत, अग्निअस्त्र, निमास्त्र बारे जानकारी प्रदान की गई।

प्रतिभा सिंह ने स्वयं सहायता समूह, कृषि समूह और किसानों को सर्टिफिकेट भी वितरित किए। इसके अतिरिक्त उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के किसान भोपाल सिंह वर्मा को भारद्वाज ट्रेडर्स सुन्नी के माध्यम से 11 हजार रुपए और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed