सोलन: नौणी विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह 9 दिसंबर को होगा आयोजित

1311 डिग्रियां, 23 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी का 12वां दीक्षांत समारोह 9 दिसंबर, 2023 को आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. एल॰एस॰ नेगी सभागार में आयोजित होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में राज्य और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कई गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।

दीक्षांत समारोह के दौरान औदयानिकी एवं वानिकी, बीटेक बायोटेक्नोलॉजी और एमबीए कार्यक्रमों में 658 स्नातक, और 565 स्नातकोत्तर और 88 डॉक्टरेट डिग्रियों सहित कुल 1,311 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, दीक्षांत समारोह के दौरान 23 स्वर्ण पदक और 773 मेरिट प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

सतलुज जल विद्युत निगम के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. आर. सी. अग्रवाल को उनके संबंधित क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए दीक्षांत समारोह के दौरान मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एक कौशल विकास छात्रावास और विवेकानंद योग और ध्यान केंद्र का भी उद्घाटन किया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed