अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा: देवी-देवताओं के नजराने में 5 और बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी

कुल्लू: अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में आए देवी-देवताओं की नजराना राशि को 5 फीसदी बढ़ाया गया है। इसके अलावा बाह्य सराज से आने वाले देवी-देवताओं को मिलने वाले दूरी भत्ते में भी पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। यह घोषणा सोमवार को कलाकेंद्र में कुल्लू दशहरा के समापन पर पधारे मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने की। उन्होंने देवी-देवताओं के बजंतरियों का मानदेय भी 10 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा की।

मुख्य संसदीय सचिव सुंदर ठाकुर ने उनके समक्ष लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में यह मांग रखी जिसे उन्होंने पूरा किया। अन्य मांगों को भी उन्होंने पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस बढ़ौतरी के साथ अन्य सभी मांगें पूरी करने को कहा है। कुलदीप पठानिया ने कहा कि इस बार कुल्लू दशहरा उत्सव में सब कुछ नया देखने को मिला। 15 देशों के सांस्कृतिक दलों ने भी विश्व के विभिन्न मुल्कों की सांस्कृतिक विरासत से रू-ब-रू करवाया।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार कुल्लू दशहरा को भव्यता प्रदान की गई। इस वर्ष 15 अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दल शामिल हुए। इस दौरान सांसद प्रतिभा सिंह, मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी संबोधित किया। इससे पहले उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने सात दिवसीय दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed