पांच बेटियों की मां अपनी फरियाद लेकर पहुंची मुख्यमंत्री के पास, सीएम ने मौके पर ही दो लाख रुपये की राशि की स्वीकृत

शिमला: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की मानवता और संवेदनशीलता का एक और उदाहरण जिला मण्डी के करसोग में देखने को मिला। जय राम ठाकुर के करसोग विधानसभा प्रवास के दौरान चिंडी विश्राम गृह में जब एक फरियादी महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत करवाया, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत 2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।

जिला मण्डी की तहसील करसोग के गांव खडूहन की निवासी सीमा कुमारी को मुख्यमंत्री का यह दौरा आजीवन याद रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति एचआरटीसी में कार्यरत थे। उनके पति की मृत्यु बस हादसे में हुई थी। पति की मृत्यु के बाद उन्हें पांच बेटियों का पालन-पोषण करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।

मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और महिला की समस्या का समाधान करने के उद्देश्य से महिला को मौके पर ही दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बार-बार यह साबित किया है कि वह आम जनता के नेता हैं। वह जनता की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका निवारण करते हैं। सीमा कुमारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जय राम सरकार गरीबों तथा कमजोर वर्गों की हितैषी सरकार है। उन्होंने इस आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *