सीएम ने ईराक में 39 भारतीयों बन्धकों की मृत्यु पर जताया शोक, चार हिमाचलियों में से तीन कांगड़ा व एक मण्डी जिले से

  • मुख्यमंत्री ने ईराक में 39 भारतीयों बन्धकों की मृत्यु पर किया शोक व्यक्त
  • राज्य सरकार ने किया हिमाचली मृतकों के अवशेषों को शीघ्र वापिस लाने के लिए केन्द्र सरकार से सम्पर्क
  • राज्य सरकार हिमाचल के मृतकों के अवशेषों को उनके जन्म स्थान तक पहुंचाने के करेगी सभी प्रबन्ध :सीएम

शिमला: ईराक के मसूल में 39 बन्धक भारतीयों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। इनमें चार हिमाचल प्रदेश से थे। यह सभी भारतीय वर्ष 2014 से लापता थे और केन्द्र सरकार के प्रयासों के बावजूद उनका पता नहीं लगाया जा सका और न ही उन्हें सुरक्षित वापिस लाया जा सका। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि राज्य सरकार दुःख की इस घड़ी में उनके साथ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि क्रूररतापूर्ण व एक अमानवीय कृत्य है, जिसकी प्रत्येक व्यक्ति द्वारा निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चार हिमाचलियों में से तीन कांगड़ा जिले तथा एक मण्डी जिले से था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उनके अवशेषों को शीघ्र वापिस लाने के लिए केन्द्र सरकार से सम्पर्क किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने सूचित किया है कि पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश से सम्बन्ध रखने वाले मृतकों के अवशेष अमृतसर लाए जाएंगे और उसके पश्चात राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के मृतकों के अवशेषों को उनके जन्म स्थान तक पहुंचाने के लिए सभी प्रबन्ध करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में यदि कोई हिमाचली लापता है, तो राज्य सरकार उसका पता लगाने के लिए मामला केन्द्र सरकार से उठाएगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *