ब्लॉग

राज्यपाल से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों ने की भेंट

शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से आज लोकभवन में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर सहित आयोग के अन्य सदस्यों ने भेंट की।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने राज्यपाल को आयोग की वर्तमान गतिविधियों और पहलों से अवगत करवाया। उन्होंने परीक्षाओं के संचालन, भर्ती प्रक्रियाओं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए अभ्यार्थियों के चयन में पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। आयोग के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संस्थागत मामलों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल ने भर्ती प्रक्रिया में सुगमता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में आयोग की भूमिका की सराहना की। उन्होंने परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक प्रणालियों को अपनाने के महत्व पर बल दिया।
 गुप्ता ने कहा कि एक निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रक्रिया शासन में जन विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और राज्य के समग्र विकास में भी इसका महत्त्वपूर्ण योगदान होता है।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य कर्नल राजेश कुमार शर्मा, डॉ. पवनेश शर्मा, प्रो. ममता मोक्टा, राखिल काहलों, सचिव निवेदिता नेगी तथा अतिरिक्त सचिव छवि नांटा भी उपस्थित थीं।
रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण के अध्यक्ष आर.डी. धीमान ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।
.0.

हिमाचल की कांग्रेस सरकार, मित्रों की मौज सरकार बन चुकी है – अनुराग ठाकुर

 हिमाचल: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपये की भारी बढ़ोतरी पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन गया है और जनहित में कांग्रेस को इस जनविरोधी निर्णय को वापस लेने की बात कही है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हिमाचल में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी जी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन चुका है। यह दिखावटी मॉडल दोषपूर्ण साबित हुआ और प्रदेश की स्थिति और बिगड़ गई।हिमाचल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राज्य सरकार की तरफ़ से की गई ₹5 की बढ़ोत्तरी आम आदमी की जेब पर हमला है, जिस से जनता की जेब पर सालाना ₹1000 करोड़ रुपये से ज़्यादा का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। पहले दो बार में ₹10 से ज़्यादा वैट लगाकर जी नहीं भरा तो अब 5 रुपये सेस, यानि जनता की जेब पर ₹15 रुपये का भार डालने का काम हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने किया है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के महज दो महीनों में ही वैट में लगातार वृद्धि की गई। डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपए कर दिया गया और इसके अतिरिक्त 5 रुपए का सेस भी लगाया गया। यह पहली ऐसी सरकार है जिसने आम आदमी की जेब पर तीन बार हमला किया। हिमाचल के इतिहास की ये सबसे विफल सरकार है जिसने प्रदेश के हर वर्ग को सिर्फ़ ठगने और जनता पर महंगाई कि बोझ डालने का काम किया है। पहले पेट्रोल, डीजल, बस किराए व सीमेंट के दामों में बढ़ोत्तरी के बार अब फिर एक बार पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी कर हिमाचलवासियों की परेशानी बढ़ाने व उन पर आर्थिक बोझ लादने और मासिक बजट खराब करने का किया है। जनहित में कांग्रेस को इस जनविरोधी निर्णय को वापस लेना चाहिए”

 अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ आज हिमाचल में ट्रक ड्राइवर, किसान, व्यापारी आम आदमी पेट्रोल डीजल की इस बढ़ी कीमत से कराह रहा है, मगर यह सरकार बेसुधी की चादर ताने सो रही है। इस निर्णय से हिमाचल में हर तरफ़ महंगाई की मार बढ़ने के पूरे आसार हैं। हिमाचल की कांग्रेस सरकार, मित्रों की मौज सरकार बन चुकी है। आज एक तरह हिमाचल में टैक्स की मार तो दूसरी तरफ़ कर्ज की मार पड़ रही है, हिमाचल में कांग्रेस सरकार कर्जे की सरकार बन चुकी है। आज हिमाचल पर कुल कर्ज 1 लाख 4 हज़ार करोड़ की चिंताजनक हालत में पहुँच चुका है। इस सरकार ने तो मात्र 3 साल में 46 हज़ार करोड़ का कर्ज लेने का काम किया है।

सोलन: नौणी विवि की वैज्ञानिक डॉ. पूजा शर्मा को आईएसओएच से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पुष्प विज्ञान एवं परिदृश्य विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पूजा शर्मा को इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्नामेंटल हॉर्टिकल्चर (ISOH) की प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।

उन्हें यह सम्मान ‘फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग@ 2047: विकसित भारत’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मेलन केलाड़ी शिवप्पा नायक कृषि एवं बागवानी विज्ञान विश्वविद्यालय, शिवमोग्गा में इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्नामेंटल हॉर्टिकल्चर के सहयोग से आयोजित किया गया। सम्मेलन में तकनीकी सत्र, शोध प्रस्तुतियां एवं विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए, जो ज्ञान आदान-प्रदान और क्षेत्र में नवाचार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुए।

डॉ. पूजा शर्मा को ‘फेलो ऑफ द सोसाइटी’ सम्मान से नवाजा गया, जो राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है। यह सम्मान उन्हें पुष्प विज्ञान एवं बागवानी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, शोध उत्कृष्टता तथा उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उनके दीर्घकालिक समर्पण, नवाचार और क्षेत्र के विकास में उनके प्रभावशाली कार्यों को मान्यता देता है।

इस सम्मान समारोह में देशभर से प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ उपस्थित रहे। उनके फेलो के रूप में नामांकन के दौरान पुष्प विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में उनके महत्वपूर्ण योगदानों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्नामेंटल हॉर्टिकल्चर की स्थापना वर्ष 1990 में की गई थी, जिसका उद्देश्य सजावटी बागवानी के क्षेत्र में ज्ञान का सृजन एवं प्रसार करना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। यह संस्था इस क्षेत्र के समग्र विकास और पुष्प उत्पादन एवं परिदृश्य उद्यानिकी के सतत विकास हेतु विभिन्न संगठनों के साथ समन्वय को मजबूत करने पर केंद्रित है।

पीएम मोदी से मिले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर; राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर जताई चिंता

नई दिल्ली: ​ ​हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नई दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री को “सरकार के प्रमुख के रूप में” जनसेवा का एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक रिकॉर्ड स्थापित करने के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके सुदृढ़ नेतृत्व को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया, वहीं इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के हितों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत और सार्थक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की हुई।

प्रधानमंत्री से भेंट के उपरांत दिल्ली में मीडिया से मुखातिब होते हुए जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वर्तमान में जिस गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है, उसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा बिना सोचे-समझे लिए जा रहे फैसले राज्य को और अधिक गहरे वित्तीय गर्त में धकेल रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने सरकार द्वारा लिए गए हालिया निर्णयों का हवाला देते हुए बताया कि संसाधनों की भारी कमी के कारण मुख्यमंत्री ने स्वयं अपना 50 प्रतिशत वेतन अगले छह महीनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है और साथ ही मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक के वेतन में भी 30 प्रतिशत, वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों व मंत्रियों के वेतन में 30 प्रतिशत, विधायकों और कुछ श्रेणी के अधिकारियों के वेतन में 20 प्रतिशत, ग्रुप ए और बी के कर्मचारियों के वेतन में 3 प्रतिशत की कटौती या स्थगन की बात कही है। उन्होंने इस स्थिति को स्पष्ट शब्दों में ‘वित्तीय आपातकाल’ का संकेत करार देते हुए कहा कि यदि सरकार को अपने शीर्ष अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों का वेतन रोकना पड़ रहा है, तो यह प्रदेश की चरमराती अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अनाथ बच्चों और विधवाओं के नाम पर पेट्रोल-डीजल पर सेस (उपकर) लगाकर सरकार चलाने का प्रयास करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह सरकार की प्रशासनिक विफलता को भी दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक और फैसला कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में लिया है कि राज्य में प्रवेश करने वाले वाहनों के एंट्री टैक्स में भारी बढ़ोतरी की गई है जो व्यावहारिक नहीं है। पंजाब सरकार ने भी इसका विरोध किया है और कहा है कि हम भी हिमाचल से आने वाले वाहनों पर एंट्री टैक्स लगाएंगे। अगर पंजाब ने ऐसा  किया तो हिमाचल की जनता पर बहुत बोझ पड़ेगा और राज्य का प्रमुख व्यवसाय पर्यटन खत्म हो जाएगा जो हमारे राज्य की रीढ़ है। जयराम ठाकुर ने जोर देकर कहा कि हिमाचल में इस तरह के “अजीब और अव्यावहारिक” फैसले लिए जाना गंभीर चिंता का विषय है और राज्य को इस संकट से उबारने के लिए ठोस रणनीति की आवश्यकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए रचनात्मक चर्चा और सही दिशा में उठाए गए कदमों के लिए अपना पूरा समर्थन देने को तैयार है, बशर्ते सरकार जनविरोधी नीतियों को त्यागकर वास्तविक सुधारों पर ध्यान दे।

आरट्रैक अलंकरण समारोह 2026 शिमला में आयोजित

शिमला: आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रैक) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम ने आज डैनफे ऑडिटोरियम, शिमला में आयोजित आरटैªक अलंकरण समारोह 2026 की अध्यक्षता की। इस अवसर पर प्रशिक्षण वर्ष 2025दृ26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षण संस्थानों और सैन्य कर्मियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान, प्रतिष्ठित जीओसी-इन-सी आर्मी ट्रेनिंग कमांड यूनिट साइटेशन आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज, आर्मड कॉर्पस सेंटर एंड स्कूल, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री सेंटर एंड स्कूल तथा राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज को प्रदान किया गया, साथ ही दो संबद्ध इकाइयों को भी सम्मानित किया गया। वित्तीय उत्कृष्टता, डिजिटलीकरण और तकनीकी नवाचार के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, 16 व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर सेना कमांडर ने आरटैªक के चल रहे परिवर्तनकारी प्रयासों पर प्रकाश डाला और आधुनिक युद्ध में नई तकनीकों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने ड्रोन की बढ़ती भूमिका पर बल देते हुए बताया कि 50,000 से अधिक सैन्य कर्मियों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने विशेषज्ञता केंद्र विकसित करने, ऑनलाइन प्रशिक्षण और परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा लैंगिक समानता और सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने जैसे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी कर्मियों को निरंतर सीखने, नई चुनौतियों के अनुसार स्वयं को ढालने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आरटैªक भविष्य में भी आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार भारतीय सेना के निर्माण तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण से कार्य करता रहेगा।

पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड के गठन की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का किया आभार व्यक्त

हिमाचल : प्रदेश राज्य एक्स-पैरा मिलिट्री कॉर्डिनेशन एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने बजट 2026-27 में पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड के गठन की ऐतिहासिक घोषणा के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।
एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें इस अवसर पर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस निर्णय से लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है और इससे पैरा मिलिट्री फोर्सिस के कर्मियों, वीर नारियों तथा उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। यह पहल मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और पैरा मिलिट्री समुदाय के प्रति उनकी संवेदनशीलता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कदम से पैरा मिलिट्री परिवारों में आशा की नई किरण जागृत हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाने और इस मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का भी विशेष आभार व्यक्त किया तथा अन्य विधायकों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया। एसोसिएशन ने कहा कि पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड का गठन राज्य में पैरा मिलिट्री समुदाय के कल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, पूर्व सैनिकों और पैरा मिलिट्री कर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

एसजेवीएन ने रामपुर एचपीएस में 25वें आंतर सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट का किया आयोजन

शिमला : एसजेवीएन अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक  भूपेंद्र गुप्ता ने आज से रामपुर जलविद्युत स्टेशन में एसजेवीएन द्वारा आयोजित किए जा रहे 25वें आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं।  उन्होंने टीम-वर्क तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में खेलों के महत्व पर बल दिया, जो आज की कार्य-संस्कृति के लिए महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर  एसजेवीएन निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया, और इस बात पर बल दिया कि किसी भी संगठन में निरंतर निष्पादन और उत्पादकता के लिए एक स्वस्थ कार्यबल अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 एसजेवीएन निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे  ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस प्रकार के खेल आयोजन कर्मचारियों के मध्य शारीरिक तंदुरुस्ती, टीम भावना और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे उनके व्यावसायिक निष्पादन में भी वृद्धि होती है।

25वें आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख श्री विकास मारवाह ने एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर एवं आरएचपीएस, एनजेएचपीएस एवं एलएचईपी-1 के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में पीएससीबी का ध्वज फहराकर एवं शुभारंभ की घोषणा के साथ किया गया।

यह टूर्नामेंट पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (पीएससीबी) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, और इसमें विद्युत मंत्रालय, एनएचपीसी., पावरग्रिड, सीईए, आरईसी, टीएचडीसी, बीएमबी और मेजबान टीम एसजेवीएन सहित प्रमुख केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ, तत्पश्चात पहाड़ी नाटी प्रस्तुत की गई; जो हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को खूबसूरती से दर्शाती है। समारोह में सभी भाग लेने वाली टीमों द्वारा एक प्रभावशाली मार्च-पास्ट भी शामिल रहा।  इस आयोजन में सामुदायिक जुड़ाव का एक अनूठे पहलू शामिल करते हुए, स्थानीय ‘महिला मंडलों’ को खेल आयोजन के साथ-साथ क्षेत्रीय हस्तशिल्प और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हुए पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय व्यंजनों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया गया।

टूर्नामेंट के पहले दिन, कुल चार लीग मैच खेले गए।  पहला मैच एसजेवीएन और सीईए के मध्य खेला गया, जिसमें एसजेवीएन विजयी रहा।  दूसरा मैच एनएचपीसी और आरईसी के मध्य हुआ, जिसमें एनएचपीसी विजयी रहा।  तीसरा मैच पीजीसीआईएल और टीएचडीसी के मध्य खेला गया, जिसमें पीजीसीआईएल ने जीत दर्ज की।  चौथा मैच बीबीएमबी और विद्युत मंत्रालय के मध्य हुआ, जिसमें बीबीएमबी विजेता रहा। 

तीन दिवसीय टूर्नामेंट का समापन दिनांक 26 मार्च को होगा।

भारत सोका गक्काई हाफ मैराथन 2026 आयोजित; एकता, करुणा व साझा मानवता का एक सशक्त प्रतीक

शिमला: पहली बार आयोजित भारत सोका गक्काई हाफ मैराथन (BHM) 2026 केवल एक दौड़ नहीं थी—यह एकता, करुणा और साझा मानवता का एक सशक्त प्रतीक थी। दिल्ली-एनसीआर और पूरे भारत से 5,000 से अधिक प्रतिभागी स्वास्थ्य, मित्रता और शांति व सद्भाव के गहरे मूल्यों का उत्सव मनाने के लिए एक साथ आए।

भारत सोका गक्काई (BSG) द्वारा Perfect Fitness Solutions के सहयोग से आयोजित इस मैराथन ने अपने विषय “मित्रता बनाएं, आनंद फैलाएं” को साकार किया। 21.1 किमी, 10.5 किमी, 5 किमी और 3 किमी की दौड़ों के साथ यह आयोजन हर आयु और क्षमता के लोगों के लिए खुला था, जिससे कोई भी पीछे न रह जाए। हर कदम हर व्यक्ति की विशिष्टता को दर्शाता था, जो आनंद और जुड़ाव की एक सामूहिक यात्रा में बदल गया।

मुख्य अतिथि रिपु दमन बेवली, जिन्हें भारत के प्लॉगमैन के रूप में जाना जाता है, ने कहा:
“मुझे उम्मीद है कि इस दौड़ के साथ हर धावक यह संकल्प लेगा कि वह मनुष्यों और जानवरों दोनों के साथ शांति और सद्भाव बनाए रखेगा और प्रकृति के साथ बेहतर सह-अस्तित्व में रहेगा—हमारे ग्रह के लिए।”

प्रसिद्ध अभिनेता मानव गोहिल ने कहा: “BSG हाफ मैराथन मित्रता और सद्भाव की भावना को खूबसूरती से दर्शाती है। यह लोगों को दौड़ की खुशी के माध्यम से शांति को बढ़ावा देने के लिए एक साथ लाती है और अधिक स्वस्थ व एकजुट जीवन शैली के लिए प्रेरित करती है।”

एंड्यूरेंस रनर गौरव मक्कड़ ने कहा:“दौड़ना मानव आत्मा की सबसे शुद्ध अभिव्यक्तियों में से एक है। यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैं ऐसे आंदोलन का हिस्सा हूं जो लोगों को स्वयं के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करता है।”

BSG के चेयरपर्सन विशेष गुप्ता ने आयोजन की भावना को इन शब्दों में व्यक्त किया:
“यह मैराथन मानवीय जुड़ाव का उत्सव है। हजारों लोगों का उत्साह यह दर्शाता है कि व्यक्तिगत प्रयास समाज में कितना बड़ा प्रभाव पैदा कर सकते हैं।”

यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं थी—यह साथ-साथ आगे बढ़ने का सामूहिक संकल्प थी, जिसमें विविधता, समावेशन और उन रिश्तों का उत्सव मनाया गया जो हमें जोड़ते हैं। फिनिश लाइन को साथ-साथ पार करते हुए प्रतिभागियों ने एक मजबूत संदेश दिया: शांति, सद्भाव और आनंद ऐसी जीतें हैं जिन्हें हम मिलकर हासिल करते हैं।

भारत सोका गक्काई (BSG) के बारे में
भारत सोका गक्काई (BSG) शांति, संस्कृति, शिक्षा और स्थिरता से जुड़े विभिन्न प्रयासों के माध्यम से खुशी और शांति को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। भारत के 600 से अधिक शहरों और कस्बों में इसके 2,90,000 से अधिक स्वयंसेवी सदस्य हैं। BSG का उद्देश्य भारत में एक ऐसा नया युग बनाना है जहां हर जीवन की गरिमा का सम्मान किया जाए। इसका “BSG for SDG” अभियान सतत मानव व्यवहार के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है।

अधिक जानकारी: www.bharatsokagakkai.org

शिमला: राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मशोबरा में बच्चों के लिए बिजली पानी जैसी तमाम सुविधाएं उपलब्ध – प्रधानाचार्य

 प्राथमिक विद्यालय मशोबरा में बिजली पानी नहीं की खबर निराधार

शिमला: राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मशोबरा में हेरिटेज भवन होने के बावजूद भी बच्चों के लिए बिजली पानी जैसी तमाम सुविधाएं उपलब्ध है। हाल ही में इसी वित्त वर्ष में हिमाचल प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश के द्वारा इस विद्यालय के लिए करीब 12 लख रुपए की धनराशि नई बिजली वायरिंग और लाइट्स के लिए उपलब्ध करवाई गई। जिसका कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉक्टर अनीता गुप्ता ने कहा कि क्लस्टर हेड होने के नाते मेरी अधीनस्थ समस्त पाठशालाओं में सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान रहता है। उसी के अंतर्गत हमने प्राथमिक विद्यालय सहित पूरे हेरिटेज भवन को बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई इसके लिए उन्होंने शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सरकार का भी धन्यवाद व्यक्त किया। हाल ही में छपी एक खबर का खंडन करते हुए उन्होंने कहा की ना तो किसी के द्वारा हमारे विद्यालय का निरीक्षण किया गया और ना ही किसी तरह की कोई त्रुटि पाई गई। उन्होंने इस खबर को निराधार बताया जिसमें कहा गया था कि प्राथमिक विद्यालय मशोबरा में बिजली नहीं है। बच्चे परेशान है उन्होंने यह भी कहा कि यहां पर बच्चों के लिए तमाम सुविधाएं हैं जो बिजली उपकरणों से चलती है। उन्होंने यह आशंका जताई कि किसी और विद्यालय की खबर को मशोबरा का नाम देकर छाप दिया गया है। इसका हमारे विद्यालय से कोई भी लेना देना नहीं है। बिजली के कार्यों के अलावा इस विद्यालय में और भी बहुत सारे कार्य हुए हैं उसके लिए उन्होंने SMC पंचायत व सरकार तथा विभाग का भी आभार जताया।

शिमला सब्जी मंडी में हंगामा..

शिमला: शिमला की सब्जी मंडी में दुकान को लेकर दो पक्षों में तनाव पैदा हो गया है। देवभूमि संघर्ष समिति के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दुकान का ताला तोड़ा, सामान बाहर फेंक दिया। आरोप है कि विशेष समुदाय के लोगों ने जबरन दुकान पर कब्जा किया है।जैसे ही इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को मिली, अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।