ताज़ा समाचार

ब्लॉग

ऊना: सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पदों के लिए साक्षात्कार 28-30 को

ऊना: सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा पुरुष वर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 28 मार्च को सुबह 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय बंगाणा और 30 मार्च को उप रोजगार कार्यालय हरोली में आयोजित किए जाएंगे।

जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष और वेतन 17,500 से 23 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने की ट्रेनिंग के उपरांत अभ्यर्थियों की नियुक्ति एटीएम, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल सहित अन्य संस्थानों में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। प्रमाण पत्र मूल रूप से प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 85580-62252 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा।

हमीरपुर: सुजानपुर में वायु सेना के एयर शो की तैयारियां पूरीं, 4 विमानों ने भरी प्रैक्टिस उड़ानें; कल से आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएं वायु सेना के 9 विमान

सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार और प्रशासन ने किए हैं सभी आवश्यक प्रबंध : गंधर्वा राठौड़

सुजानपुर : भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम द्वारा 25 और 26 मार्च को सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के मैदान के ऊपर किए जाने वाले अदभुत एयर शो की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के 4 हॉक एमके-132 जेट विमानों ने प्रैक्टिस उड़ानें भरीं।

बुधवार और वीरवार को दोनों दिन सुबह करीब 10ः45 बजे सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के कुल 9 विमान एयर शो शुरू करेंगे जोकि लगभग आधे घंटे का होगा। एयर फोर्स स्टेशन चंडीगढ़ और आदमपुर से उड़ान भरने के बाद ये विमान सुजानपुर के मैदान के ठीक ऊपर कई कलाबाजियां करते हुए और एक साथ कई फॉर्मेशन्स बनाकर कई करतब दिखाकर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर देंगे।

सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम एशिया की एकमात्र नौ विमानों वाली एरोबेटिक टीम है और विश्व की चुनिंदा उत्कृष्ट एरोबेटिक टीमों में गिनी जाती है। इस टीम ने भारत के विभिन्न शहरों के अलावा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना की पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस एयर शो के सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की ओर से वायु सेना एवं सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है तथा मैदान में मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा आम लोगों के बैठने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

उधर, सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वायु सेना के इस तरह के पहले एयर शो की मेजबानी का गौरव सुजानपुर को मिल रहा है। इससे हिमाचल प्रदेश के बच्चे और युवा सैन्य अधिकारी बनने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने बताया कि एयर फोर्स की इस टीम में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के दो पूर्व विद्यार्थी एवं वर्तमान में वायु सेना में सेवारत एयर कमोडोर बृजेश पॉल और स्क्वाड्रन लीडर हिमकुश चंदेल भी उड़ान भरेंगे। ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि शो के लिए विशेष रूप से स्थापित कमेंटरी बॉक्स से वायु सेना के अधिकारी एक-एक पल और विमानों के करतबों की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सुजानपुर और इसके आस-पास के सभी क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बच्चों तथा युवाओं से इस एयर शो के रोमांच का अनुभव लेने के लिए निर्धारित समय से पहले ही मैदान में पहुंचने की अपील की है।

हमीरपुर: बड़सर में जमीन के सर्कल रेट पर आपत्तियां या सुझाव 28 मार्च तक

बड़सर : एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाली तहसील बड़सर और ढटवाल (बिझड़ी) तथा उपतहसील भोटा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जमीन के सर्कल रेट तय कर दिए गए हैं। ये रेट पहली अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए तय किए गए हैं।

एसडीएम ने कहा कि तहसीलदार बड़सर, तहसीलदार ढटवाल (बिझड़ी) और नायब तहसीलदार भोटा द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई जमीन की इन दरों के संबंध में अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति है या फिर वह इनके संबंध में अपना सुझाव देना चाहता है तो वह अपनी आपत्तियां या सुझाव 28 मार्च तक एसडीएम कार्यालय बड़सर में दर्ज करवा सकता है या डाक द्वारा भेज सकता है।

एसडीएम ने कहा कि इस तिथि के बाद कोई भी आपत्ति या सुझाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हिमाचल: प्रदेश में 22 जून से मौसम खराब, आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना

हिमाचल: प्रदेश में फिर मौसम खराब होने के आसार…

हिमाचल: प्रदेश में फिर से मौसम खराब होने की संभावना जताई जा रही है। 24 और 25 मार्च को राज्य के मध्यवर्ती और मैदानी इलाकों में मौसम के फिर से शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 26 मार्च से प्रदेश भर में फिर से बारिश होने के आसार हैं, जबकि 27 मार्च को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो सकती है। जबकि 28 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी। 26 व 28 मार्च को किन्नौर व लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य कई जिलों में से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है। 29 और 30 मार्च को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।

पेट्रोल-डीजल पर ₹15.40 टैक्स, महंगाई की मार से कराह रही जनता – कांग्रेस सरकार ने तोड़ी हिमाचल की कमर : बिंदल

शिमला: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश की जनता को महंगाई की चक्की में पीसने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 2022 में कांग्रेस पार्टी बड़े-बड़े वादों और गारंटियों के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन सत्ता में आते ही जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डालना शुरू कर दिया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पहले डीजल पर ₹10.40 प्रति लीटर टैक्स लगाया गया और अब इसे बढ़ाकर ₹15.40 प्रति लीटर कर दिया गया है, जो सीधे-सीधे जनता की जेब पर हमला है। उन्होंने कहा कि इसका असर हर वर्ग पर पड़ रहा है—किसान, बागवान, मजदूर, व्यापारी और आम उपभोक्ता सभी इससे प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल महंगे होने से
* परिवहन लागत बढ़ेगी
* बस, टैक्सी और ट्रक किराए बढ़ेंगे
* कृषि और सिंचाई खर्च बढ़ेगा
* बागवानी उत्पादों की ढुलाई महंगी होगी
* पर्यटन उद्योग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा
डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले 40 महीनों में कांग्रेस सरकार ने लगभग ₹4,000 करोड़ जनता की जेब से टैक्स के रूप में निकाले हैं और अब नए बढ़े टैक्स के माध्यम से लगभग ₹2,000 करोड़ और निकालने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बिजली, पानी, राशन, स्टांप ड्यूटी और सीमेंट तक के दाम बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि स्टांप ड्यूटी में 500% तक वृद्धि, सीमेंट के दामों में ₹100 प्रति बोरी तक बढ़ोतरी और राशन की कीमतों में वृद्धि ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि बजट के नाम पर केवल कागजी दिखावा किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां पहले बजट हर साल बढ़ता था, वहीं कांग्रेस सरकार ने पहली बार बजट घटाकर ₹54,928 करोड़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के विकास को रोकने वाला कदम है।
उन्होंने कहा कि बजट में केवल केंद्र सरकार की योजनाओं को कॉपी-पेस्ट कर प्रस्तुत किया गया है और राज्य सरकार की अपनी कोई स्पष्ट नीति या विजन नहीं दिखता।
उन्होंने कहा कि एंट्री टैक्स लगाकर प्रदेश के 28 बॉर्डर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है, जिससे पर्यटन और व्यापार दोनों प्रभावित होंगे।
डॉ. बिंदल ने चेतावनी दी कि पड़ोसी राज्यों में पेट्रोल-डीजल सस्ता और हिमाचल में महंगा होने से तस्करी और माफिया तंत्र को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कानून व्यवस्था की समस्या भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, कर्मचारी, बेरोजगार और महिलाओं—सभी वर्गों के साथ अन्याय करता है और केवल दिखावटी घोषणाओं से भरा हुआ है।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा इस जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ जनता की आवाज बनेगी और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
“कांग्रेस सरकार ने राहत देने के बजाय जनता पर टैक्स का कहर बरपाया है – यह बजट हिमाचल की जनता के साथ सीधा अन्याय है।”

राज्यपाल से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों ने की भेंट

शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से आज लोकभवन में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर सहित आयोग के अन्य सदस्यों ने भेंट की।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने राज्यपाल को आयोग की वर्तमान गतिविधियों और पहलों से अवगत करवाया। उन्होंने परीक्षाओं के संचालन, भर्ती प्रक्रियाओं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए अभ्यार्थियों के चयन में पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। आयोग के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संस्थागत मामलों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल ने भर्ती प्रक्रिया में सुगमता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में आयोग की भूमिका की सराहना की। उन्होंने परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक प्रणालियों को अपनाने के महत्व पर बल दिया।
 गुप्ता ने कहा कि एक निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रक्रिया शासन में जन विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और राज्य के समग्र विकास में भी इसका महत्त्वपूर्ण योगदान होता है।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य कर्नल राजेश कुमार शर्मा, डॉ. पवनेश शर्मा, प्रो. ममता मोक्टा, राखिल काहलों, सचिव निवेदिता नेगी तथा अतिरिक्त सचिव छवि नांटा भी उपस्थित थीं।
रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण के अध्यक्ष आर.डी. धीमान ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।
.0.

हिमाचल की कांग्रेस सरकार, मित्रों की मौज सरकार बन चुकी है – अनुराग ठाकुर

 हिमाचल: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपये की भारी बढ़ोतरी पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन गया है और जनहित में कांग्रेस को इस जनविरोधी निर्णय को वापस लेने की बात कही है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हिमाचल में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी जी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन चुका है। यह दिखावटी मॉडल दोषपूर्ण साबित हुआ और प्रदेश की स्थिति और बिगड़ गई।हिमाचल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राज्य सरकार की तरफ़ से की गई ₹5 की बढ़ोत्तरी आम आदमी की जेब पर हमला है, जिस से जनता की जेब पर सालाना ₹1000 करोड़ रुपये से ज़्यादा का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। पहले दो बार में ₹10 से ज़्यादा वैट लगाकर जी नहीं भरा तो अब 5 रुपये सेस, यानि जनता की जेब पर ₹15 रुपये का भार डालने का काम हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने किया है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के महज दो महीनों में ही वैट में लगातार वृद्धि की गई। डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपए कर दिया गया और इसके अतिरिक्त 5 रुपए का सेस भी लगाया गया। यह पहली ऐसी सरकार है जिसने आम आदमी की जेब पर तीन बार हमला किया। हिमाचल के इतिहास की ये सबसे विफल सरकार है जिसने प्रदेश के हर वर्ग को सिर्फ़ ठगने और जनता पर महंगाई कि बोझ डालने का काम किया है। पहले पेट्रोल, डीजल, बस किराए व सीमेंट के दामों में बढ़ोत्तरी के बार अब फिर एक बार पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी कर हिमाचलवासियों की परेशानी बढ़ाने व उन पर आर्थिक बोझ लादने और मासिक बजट खराब करने का किया है। जनहित में कांग्रेस को इस जनविरोधी निर्णय को वापस लेना चाहिए”

 अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ आज हिमाचल में ट्रक ड्राइवर, किसान, व्यापारी आम आदमी पेट्रोल डीजल की इस बढ़ी कीमत से कराह रहा है, मगर यह सरकार बेसुधी की चादर ताने सो रही है। इस निर्णय से हिमाचल में हर तरफ़ महंगाई की मार बढ़ने के पूरे आसार हैं। हिमाचल की कांग्रेस सरकार, मित्रों की मौज सरकार बन चुकी है। आज एक तरह हिमाचल में टैक्स की मार तो दूसरी तरफ़ कर्ज की मार पड़ रही है, हिमाचल में कांग्रेस सरकार कर्जे की सरकार बन चुकी है। आज हिमाचल पर कुल कर्ज 1 लाख 4 हज़ार करोड़ की चिंताजनक हालत में पहुँच चुका है। इस सरकार ने तो मात्र 3 साल में 46 हज़ार करोड़ का कर्ज लेने का काम किया है।

सोलन: नौणी विवि की वैज्ञानिक डॉ. पूजा शर्मा को आईएसओएच से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पुष्प विज्ञान एवं परिदृश्य विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पूजा शर्मा को इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्नामेंटल हॉर्टिकल्चर (ISOH) की प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।

उन्हें यह सम्मान ‘फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग@ 2047: विकसित भारत’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मेलन केलाड़ी शिवप्पा नायक कृषि एवं बागवानी विज्ञान विश्वविद्यालय, शिवमोग्गा में इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्नामेंटल हॉर्टिकल्चर के सहयोग से आयोजित किया गया। सम्मेलन में तकनीकी सत्र, शोध प्रस्तुतियां एवं विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए, जो ज्ञान आदान-प्रदान और क्षेत्र में नवाचार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुए।

डॉ. पूजा शर्मा को ‘फेलो ऑफ द सोसाइटी’ सम्मान से नवाजा गया, जो राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है। यह सम्मान उन्हें पुष्प विज्ञान एवं बागवानी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, शोध उत्कृष्टता तथा उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उनके दीर्घकालिक समर्पण, नवाचार और क्षेत्र के विकास में उनके प्रभावशाली कार्यों को मान्यता देता है।

इस सम्मान समारोह में देशभर से प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ उपस्थित रहे। उनके फेलो के रूप में नामांकन के दौरान पुष्प विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में उनके महत्वपूर्ण योगदानों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्नामेंटल हॉर्टिकल्चर की स्थापना वर्ष 1990 में की गई थी, जिसका उद्देश्य सजावटी बागवानी के क्षेत्र में ज्ञान का सृजन एवं प्रसार करना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। यह संस्था इस क्षेत्र के समग्र विकास और पुष्प उत्पादन एवं परिदृश्य उद्यानिकी के सतत विकास हेतु विभिन्न संगठनों के साथ समन्वय को मजबूत करने पर केंद्रित है।

पीएम मोदी से मिले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर; राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर जताई चिंता

नई दिल्ली: ​ ​हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नई दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री को “सरकार के प्रमुख के रूप में” जनसेवा का एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक रिकॉर्ड स्थापित करने के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके सुदृढ़ नेतृत्व को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया, वहीं इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के हितों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत और सार्थक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की हुई।

प्रधानमंत्री से भेंट के उपरांत दिल्ली में मीडिया से मुखातिब होते हुए जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वर्तमान में जिस गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है, उसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा बिना सोचे-समझे लिए जा रहे फैसले राज्य को और अधिक गहरे वित्तीय गर्त में धकेल रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने सरकार द्वारा लिए गए हालिया निर्णयों का हवाला देते हुए बताया कि संसाधनों की भारी कमी के कारण मुख्यमंत्री ने स्वयं अपना 50 प्रतिशत वेतन अगले छह महीनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है और साथ ही मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक के वेतन में भी 30 प्रतिशत, वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों व मंत्रियों के वेतन में 30 प्रतिशत, विधायकों और कुछ श्रेणी के अधिकारियों के वेतन में 20 प्रतिशत, ग्रुप ए और बी के कर्मचारियों के वेतन में 3 प्रतिशत की कटौती या स्थगन की बात कही है। उन्होंने इस स्थिति को स्पष्ट शब्दों में ‘वित्तीय आपातकाल’ का संकेत करार देते हुए कहा कि यदि सरकार को अपने शीर्ष अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों का वेतन रोकना पड़ रहा है, तो यह प्रदेश की चरमराती अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अनाथ बच्चों और विधवाओं के नाम पर पेट्रोल-डीजल पर सेस (उपकर) लगाकर सरकार चलाने का प्रयास करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह सरकार की प्रशासनिक विफलता को भी दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक और फैसला कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में लिया है कि राज्य में प्रवेश करने वाले वाहनों के एंट्री टैक्स में भारी बढ़ोतरी की गई है जो व्यावहारिक नहीं है। पंजाब सरकार ने भी इसका विरोध किया है और कहा है कि हम भी हिमाचल से आने वाले वाहनों पर एंट्री टैक्स लगाएंगे। अगर पंजाब ने ऐसा  किया तो हिमाचल की जनता पर बहुत बोझ पड़ेगा और राज्य का प्रमुख व्यवसाय पर्यटन खत्म हो जाएगा जो हमारे राज्य की रीढ़ है। जयराम ठाकुर ने जोर देकर कहा कि हिमाचल में इस तरह के “अजीब और अव्यावहारिक” फैसले लिए जाना गंभीर चिंता का विषय है और राज्य को इस संकट से उबारने के लिए ठोस रणनीति की आवश्यकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए रचनात्मक चर्चा और सही दिशा में उठाए गए कदमों के लिए अपना पूरा समर्थन देने को तैयार है, बशर्ते सरकार जनविरोधी नीतियों को त्यागकर वास्तविक सुधारों पर ध्यान दे।