


मौके पर जिला प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारी रहे उपस्थित
बिलासपुर: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर यातायात को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई, जब बिलासपुर के कैंचीमोड़ स्थित टनल-1 में निर्मित 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का सफल ट्रायल रन किया गया। इस ट्रायल रन की सफलता के साथ ही दोनों सुरंगों में डबल लेन के माध्यम से यातायात संचालन की दिशा में प्रक्रिया लगभग पूर्ण कर ली गई है।
इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) वरुण चारी सहित प्रशासन एवं एन.एच.ए.आई. के अन्य अधिकारी तथा भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि राजीव गर्ग उपस्थित रहे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि ट्विन ट्यूब टनल को चालू करने की दिशा में आज ट्रायल रन आयोजित किया गया है। ट्रायल रन के उपरांत एन.एच.ए.आई. द्वारा टनल के भीतर लाइटिंग, वेंटिलेशन तथा अन्य सुरक्षा मानकों का अंतिम परीक्षण किया जाएगा। अंतिम परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात इसे औपचारिक रूप से हरी झंडी प्रदान की जाएगी। जिसके उपरांत दोनों ट्यूब्स में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, जिससे यातायात का दबाव संतुलित रहेगा और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
उपायुक्त ने कहा कि टनल के भीतर ट्रायल रन के बाद अन्य तकनीकी बारीकियों की जांच का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद इस ट्विन ट्यूब टनल को शीघ्र ही आम जनता के लिए सुचारू रूप से खोल दिया जाएगा, जिससे फोरलेन पर सफर करने वाले यात्रियों को जाम की समस्या और दुर्घटनाओं की दृष्टि से जोखिम भी कम होगा।
राहुल कुमार ने बताया कि भविष्य में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर निर्मित अन्य टनलों को भी चरणबद्ध तरीके से ट्विन ट्यूब टनल में विकसित किया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग पर यातायात को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाया जा सके।

बिलासपुर: निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर पंचायत झंडूता एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) अर्शिया शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन नामावली, हिमाचल प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियम 2015 के अनुसार तैयार की जा चुकी है और जिसकी प्रति एसडीएम कार्यालय तथा नगर पालिका और तहसीलदार झंडूता के कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि यदि निर्वाचक नामावली में किसी नाम को सम्मिलित किए जाने के लिए कोई दावा हो या किसी नाम के सम्मिलित किए जाने सम्बन्धी या किसी प्रविष्टि में किन्हीं विशिष्टियों के बारे में कोई आक्षेप हो तो उन्हें प्रारूप 4, 5 और 6 में 16 अप्रैल या इससे पूर्व दाखिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ऐसा दावा या आक्षेप पुनरीक्षण प्राधिकारी तहसीलदार झंडूता को व्यक्तिगत रुप में या अभिकर्ता या रजिस्ट्रीकृत डाक द्वारा प्रस्तुत किया जा सकता है।

बिलासपुर: जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिलासपुर बृजेन्द्र पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समिति द्वारा विकासखण्ड सदर के तहत गांव मकड़ोग वार्ड नम्बर 06 में नई उचित मूल्य की दुकान आबंटित की गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता आगामी 5 मई तक आॅनलाइन पोर्टल https://emerginghimachal.hp.gov.in/back office/site/login पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता अपने आवेदन के साथ दसवीं व उच्च शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, सम्बन्धित ग्राम पंचायत सचिव/कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद द्वारा जारी वार्ड प्रमाण पत्र, बीपीएल/ओबीसी/एससी/एसटी प्रमाण पत्र, सार्वजनिक संस्थान/निकायों के पंजीकरण व सहकारी सभा व अन्य संस्थानों के पदाधिकारियों के नाम की सूची, शिक्षित बेरोजगार प्रमाणपत्र, परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी या राजनीतिक पद पर न होने का प्रमाण/घोषणा पत्र, हिमाचल प्रदेश विनिद्र्विष्ट आवश्यक वस्तुओं (वितरण का विनियमन) आदेश-2019 की शर्तों के तहत प्रमाण/शपथ पत्र जो कि जिला नियंत्रक कार्यालय से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त भूतपूर्व सैनिक होने पर पीपीओ/डिस्चार्ज बुक के प्रमाण, उचित मूल्य की दूकान के संचालन स्थल का सत्यापित साइट मैप जो किसी प्राधिकृत अधिकारी द्वारा सत्यापित किया हो की छायाप्रति, उचित मूल्य की दूकान के संचालन हेतु व्यवस्थित कमरे/गोदाम/दुकान किराए पर होने की स्थिति में किरायानामा अथवा स्वामित्व का घोषणा पत्र आदि अनिवार्य रूप से संलग्न करने होंगे। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान संचालन हेतु एकल नारी, विधवा जो स्वयं अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही हो, शारीरिक रुप से दिव्यांग जो उचित मूल्य की दुकान का कार्य ठीक प्रकार से करने में सक्षम हो वह भी आवेदन कर सकते है।
उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होना चाहिए। प्राप्त आवेदनों की मेरिट के आधार पर प्राथमिकता सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार दी जाएगी और निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिलासपुर के कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस के दिन संपर्क किया जा सकता है।
-000-

हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने सीबीएसई स्कूलों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 78-78 पदों तथा कामर्स के 156 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 4 मई तक आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर लिंक 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे से लेकर 4 मई रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा।

हमीरपुर : बद्दी में चल रहे प्रसिद्ध कंपनी हैवल्स इंडिया लिमिटेड के प्लांट में अप्रेंटिस के 55 पदों को भरने के लिए 10 अप्रैल को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए वर्ष 2022 से 2025 तक के पास आउट इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल ट्रेड के आईटीआई डिप्लोमाधारक पात्र हैं। आवेदकों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित युवाओं को 13,500 से लेकर 15,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

हमीरपुर : उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम हमीरपुर के लिए प्रस्तावित बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के लिए मंगलवार को नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्यतः हमीरपुर के अंतर्राज्यीय बस अड्डे को भविष्य में नए निर्माणाधीन बस स्टैंड के परिसर में शिफ्ट करने और इस जगह पर सिटी सेंटर के निर्माण से संबंधित औपचारिताओं पर व्यापक चर्चा की गई।
उपायुक्त ने नगर निगम और एचआरटीसी के अधिकारियों तथा तहसीलदार को वर्तमान बस अड्डे की जमीन की गिफ्ट डीड की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस अड्डे से डीजल पंप को शिफ्ट करने में सबसे ज्यादा वक्त लग सकता है। एचआरटीसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इसके लिए आवश्यक कदम उठाएं।
उपायुक्त ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग से कहा कि वे निगम में शामिल हुई ग्राम पंचायतों की संपत्तियों को निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करें। उन्होंने निगम के अधिकारियांे को ट्राला यूनियन के लिए जमीन के एफआरए से संबंधित मामला तैयार करने के निर्देश दिए।
आवारा कुत्तों की समस्या पर चर्चा के दौरान उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को कुत्तों की वैक्सीनेशन और नसबंदी के लिए निगम के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए निगम के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक, आरएम राहुल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी नरेश पटियाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

नवरत्न कंपनियों और अन्य बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों में करेंगे अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था
प्लेसमेंट एवं मेंटोरशिप के लिए जल्द शुरू किया जाएगा एक ऑनलाइन प्लेटफार्म
इनोवेशन पॉलिसी में युवाओं के लिए 10 लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान
बड़ू में किया बहुतकनीकी कॉलेजों की 27वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ
हमीरपुर : नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा है कि प्रदेश सरकार बहुतकनीकी कॉलेजों और अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों को बदलती परिस्थितियों के अनुसार सुदृढ़ करने जा रही है और बहुतकनीकी कॉलेजों में शिक्षकों के 60 पद भरे जा रहे हैं।
मंगलवार को यहां बड़ू में बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि खेलकूद, एनसीसी, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के बगैर शिक्षा अधूरी मानी जाती है। क्योंकि, ये गतिविधियां विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करती हैं और उनके व्यक्तित्व को नए आयाम प्रदान करती हैं। बहुतकनीकी कॉलेजों में भी इनके लिए सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
राजेश धर्माणी ने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ‘स्टूडेंट सेंट्रिक अप्रोच’ के साथ काम कर रही है। बहुतकनीकी कॉलेजों को एक्सपोजर प्रदान करने के लिए सार्वजनिक उपक्रमों की नवरत्न कंपनियों और कॉरपोरेट सेक्टर की अन्य बड़ी कंपनियों में अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था की जा रही है। सरकार ने इनोवेशन पॉलिसी आरंभ करके इसमें विशेष रूप से 2 करोड़ रुपये का फंड रखा है। नए आइडिया के साथ काम करने के इच्छुक युवाओं के लिए इसमें 10 लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान है। प्लेसमेंट एवं मेंटोरशिप के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफार्म भी विकसित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ भी जल्द ही कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बजट में स्किल अकादमी खोलने की घोषणा की है, जिसमें वर्तमान जरुरतों और भविष्य की संभावनाओं वाले कोर्स आरंभ किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्टार्ट अप को भी बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित कर रही है। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए राजेश धर्माणी ने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने तीन वर्ष पहले कार्यभार संभालते ही खिलाड़ियों की डाइट मनी डबल कर दी थी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए एसी ट्रेन और हवाई यात्रा तक की सुविधा का प्रावधान किया है।
इससे पहले, मेजबान महाविद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 17 महाविद्यालयों के करीब 670 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उदघाटन समारोह में राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ पुष्पेंद्र वर्मा, हिमुडा के बीओडी मैंबर राजेश बन्याल, कांग्रेस के अन्य नेता, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता विजय चौधरी, विभिन्न बहुतकनीकी कॉलेजों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
1500 मीटर दौड़ में अंबोटा के रोहित रहे प्रथम
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर करवाई गई 1500 मीटर दौड़ में राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय अंबोटा के रोहित प्रथम रहे। बहुतकनीकी महाविद्यालय तलवाड़ के आयुष चौहान ने दूसरा और बिलासपुर के अभिषेक राणा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

हमीरपुर: नादौन उपमंडल के अंतर्गत पनयाली-कश्मीर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 4 मई तक बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पनयाली-कश्मीर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 4 मई तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक पनयाली-समजल सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। जिलाधीश ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

