मण्डी : जंजैहली में कार खाई में गिरी, सराज भाजपा उपाध्यक्ष की मौत

मण्डी: जिला मण्डी के जंजैहली में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जय प्रकाश (44 वर्ष) पुत्र कश्मीर सिंह गांव बाग डाकघर छतरी उप तहसील छतरी के रूप में हुई है। मृतक व्यक्ति सराज भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष हैं तथा शुक्रवार को थुनाग में भाजपा मंडल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अपनी कार में जा रहे थे। वहीं इस दुर्घटना के उपरांत सराज भाजपा ने अपनी बैठक को स्थगित कर दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जंजैहली-छतरी जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित शोधाधार के समीप एक अल्टो कार नंबर एचपी-32-बी-0746 गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कार में बैठे जयप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मण्डी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस थाना जंजैहली की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम आज करवाया जाएगा। मामले में पुलिस द्वारा गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed