शिमला में ईडी दफ्तर के बाहर कांग्रेस ने किया धरना-प्रदर्शन

शिमला: .अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की  राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के समन के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों सहित कांग्रेस विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने  प्रदर्शन करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए छोटा शिमला से ईडी कार्यालय तक एक जबरदस्त जलूस भी निकाला।

ईडी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने व संवेधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश मे भाजपा ने ईडी,सीबीआई व इनकम टैक्स जैसी  संस्थाओं का हरण करते हुए इन्हें अपने प्रकोष्ट की तरह चला रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष जिन्होंने देश के प्रधानमंत्री पद तक को ठुकरा दिया था, उन पर झूठा मामला बना कर उनको व कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश रच रही है,जिसमें वह कभी कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के किसी भी हथकंडे से डरने वाली नहीं और कांग्रेस एकजुटता के साथ इसका मुकाबला करेगी।

आने वाला समय कांग्रेस का है और इसकी शुरुआत हिमाचल से ही होगी : संजय दत्त

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोगों की आवाज दबाने  का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी भाजपा की जन विरोधी नीतियों का विरोध करते हैं,ऐसे में उनके ऊपर झूठे मामले बनाये गए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला में आज के इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने साबित कर दिया है कि आने वाला समय कांग्रेस का है और इसकी शुरुआत हिमाचल से ही होगी।

दत्त ने कहा कि भाजपा बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब बागवान भी आंदोलन कर रहे हैं। उनकी आवाज भी नहीं सुनी जा रही। उन्होंने  ईडी कार्यालय के अधिकारियों को आगह करते हुए कहा कि आज के इस प्रदर्शन की गूंज दिल्ली भेजी जानी चाहिए जिससे केंद्र में मोदी सरकार की बंद आँखे खुल सके।

सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर झूठे मामले बनाना भाजपा को बहुत महंगे साबित होंगे :राठौर

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर झूठे मामले बनाना भाजपा को बहुत महंगे साबित होंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी को बदनाम करने के लिये उनपर झूठे मामले बनाये गए हैं जिसे कभी सहन नहीं किया जा सकता।

राठौर ने कहा कि कांग्रेस अपने किसी भी नेता का अपमान सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों के खिलाफ एकजुटता से मुकाबला करेगी।

प्रदेश में भाजपा एक डूबता  जहाज है जिसके नेता अब भागने की फिराक में : मुकेश अग्निहोत्री

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने दहाड़ते हुए कहा कि अब प्रदेश में जयराम सरकार का जाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उप चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत ने मोदी सरकार को प्रदेश के लोगों ने पहला झटका दिया था,अब दूसरा झटका विधानसभा चुनावों में भाजपा को लोग सत्ता से बाहर कर देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा एक डूबता  जहाज है जिसके नेता अब भागने की फिराक में है।

मुकेश ने अधिकारियों को लछमण रेखा पार न करने की हिदायत देते हुए कहा कि कांग्रेस गांधी परिवार के साथ किसी भी अन्याय को सहन नही करेगी। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश की एकता व अंखडता के लिए अपने प्राण तक निछावर किये है जबकि देश की आजादी में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा की कांग्रेस एकजुटता के साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

प्रचार समिति के अध्यक्ष विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी नेता सोनिया गांधी त्याग की एक मूर्ति है और उनका अपमान कांग्रेस का ही नहीं देश का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सोची समझी साजिश के तहत कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की कोशिश कर रही है जिसे कांग्रेस कभी सहन नहीं करेगी।

भाजपा चुनाव जीतने के लिये ईडी,सीबीआई इनकम टैक्स को हथियार के तौर पर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है :सुक्खू

सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिये ईडी,सीबीआई इनकम टैक्स को हथियार के तौर पर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश मे कांग्रेस की एक मजबूत विचारधारा है जिसे कोई नहीं दबा सकता। उन्होंने कहा कि आज तो यह धरना ईडी कार्यालय के समक्ष सांकेतिक है अगर भाजपा ने अपना  रूबेया न बदला तो इसके विरोध में प्रदेश में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कांग्रेस एकजुटता के साथ सोनिया गांधी व राहुल गांधी के साथ खड़ी है : विक्रमादित्य सिंह

विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह अलोकतांत्रिक ताकतों के खिलाफ एक लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हो जाये।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीमार होने के बाबजूद ईडी का उन्हें आज बुलाया जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ सोनिया गांधी व राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा अपने किसी भी हथकंडे में सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की  पूरी कांग्रेस गांधी परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सच्चाई की हमेशा जीत हुई है इसलिए इस मामलें में भी गांधी परिवार की जीत होगी।

आज के इस धरना प्रदर्शन में उपरोक्त नेताओं के अलावा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन,विनय कुमार,पवन काज़ल, विधायक डॉ कर्नल धनीराम शांडिल,हर्षवर्धन चौहान,मोहन लाल ब्राक्टा,इंद्रदत्त लखनपाल,संजय अवस्थी,आशीष बुटेल सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष अन्यों के अतिरिक्त मौजूद थे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के समन के विरोध में आज दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह सहित पार्टी के अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर विरला मंदिर पुलिस थाने में रखा गया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed